उमस भरी गर्मी में हर तरफ पानी के लिए हाहाकार
जागरण संवाददाता आजमगढ़ बिजली कर्मियों की हड़ताल से जनजीवन बेहाल हो गया है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : बिजली कर्मियों की हड़ताल से जनजीवन बेहाल हो गया है। उमसभरी गर्मी में रात की नींद हराम हो गई। लोगों ने किसी तरह से करवटें बदलकर सुबह होने का इंतजार किया लेकिन उसके बाद जीवन नारकीय हो गया। बिजली के अभाव में पानी के लिए हाहाकार मच गया। संपन्न लोगों ने तो जेनरेटर की व्यवस्था करके सबमर्सिबल पंप से पानी की टंकी भर ली लेकिन गरीबों का जमावड़ा आसपास के हैंडपंपों पर लगा रहा।
हालांकि पालिका प्रशासन में जेनरेटर लगाकर पानी की आपूर्ति का दावा किया है लेकिन धरातल पर उसका प्रभाव नहीं दिखा। शहर में पानी की समुचित आपूर्ति नहीं की जा सकी। बिजली संकट के बीच किराए पर जेनरेटर चलाने वालों का भी भाव चढ़ा रहा। सबमर्सिबल चलाकर पानी की टंकी भरने के लिए किसी ने तीन तो किसी ने पांच सौ रुपये वसूले। शहर में एक साथ बड़ी संख्या में जेनरेटर चलाए जाने का असर शहर की वातावरण पर भी पड़ा। तेज आवाज लोगों को सुबह से लेकर रात तक लोगों को परेशान की रही।
अहरौला : सबसे बड़ी समस्या पानी को लेकर हुई। मकान के ऊपरी तल पर रहने वालों के लिए बाल्टी से पानी लाना मुश्किल था। केरोसिन की आपूर्ति न होने से रात में रोशनी के लिए मोमबत्ती खरीदनी पड़ी। जहानागंज : भीषण गर्मी के साथ पानी का संकट सब पर भारी रहा। रविवार की रात से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई और अगले दिन कर्मचारी हड़ताल पर चले गए जिसके चलते फाल्ट ठीक नहीं हो सका। सुबह से लेकर शाम तक लोग पानी के लिए परेशान रहे।