पद्मश्री सुनील योगी 'आजमगढ़ महोत्सव' की बढ़ाएंगे शान
आजमगढ़ जिला प्रशासन की पहल पर तहसील के बाद 1617 व 1
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिला प्रशासन की पहल पर तहसील के बाद 16,17 व 18 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर आइटीआइ मैदान में आयोजित 'आजमगढ़ महोत्सव' का एक विशेष कार्यक्रम कवि सम्मेलन व मुशायरा के नाम होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की शान बढ़ाएंगे देश के जाने माने कवि व शायर। सहमति के बाद इनके नामों पर अंतिम मुहर लग चुकी है।
पद्मश्री व यशभारती पुरस्कार से सम्मानित सुनील योगी अपनी कविताओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन करेंगे तो जयपुर के कुंवर जावेद अपनी रचनाओं से समां बांध देंगे। हास्य कवि विकास बौखल के अलावा हरिओम पंवार, लखनऊ की मशहूर कवयित्री डा. सुमन दुबे की भी खास मौजूदगी रहेगी तो मशहूर शायर हासिम फिरोजाबादी, नवाज देवबंदी, दिल्ली की शायरा मुमताज नसीम अपने शेर और शायरी से कवि सम्मेलन और मुशायरे की शान बढ़ाते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि कवि सम्मेलन और मुशायरा में मशहूर शायर व कवियों को आमंत्रित किया गया है। इनसे बात होने के बाद इनका कार्यक्रम मिल चुका है। कवि सम्मेलन के स्पांसर की जिम्मेदारी राजेंद्र प्रसाद यादव व अन्य को दी गई है।