आजमगढ़ में अध्यापक की गोली मारकर हत्या, हमले से तीन अन्य लोग घायल
आजमगढ़ में अध्यापक की गोली मारकर हत्या हमले से तीन अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए।
आजमगढ़, जेएनएन। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के खानपुर भगतपट्टी गांव में पट्टीदार से आपसी विवाद को लेकर गुरुवार की सुबह दो पक्षों के बीच लाठी डंडा से मारपीट हुई। मारपीट के दौरान लाइसेंसी बंदूक से 55 वर्षीय अध्यापक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं
लाठी के हमले में तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने हत्यारोपित समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर लिया।
खानपुर भगतपट्टी गांव निवासी व पेशे से प्राइवेट शिक्षक रामानुज सिंह (55) पुत्र पारस सिंह का अपने पट्टीदार राजीव सिंह पुत्र सत्यदेव सिंह से रास्ता को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान लाठी डंडा से मारपीट होने लगी। आरोप है कि इस बीच राजीव सिंह ने अपने चाचा सत्यनरायन सिंह की लाइसेंसी एक नाली बंदूक से रामानुज को लक्ष्य कर गोली मार दी। गोली से घायल रामानुज की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं लाठी के हमले से तीन अन्य लोग घायल हो गए। हत्या की खबर मिलते ही एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह, सीओ बूढ़नपुर शीतला प्रसाद, बिलरियागंज थानाध्यक्ष मनोज सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
थानाध्यक्ष का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक बरामद कर मुख्य आरोपित राजीव सिंह समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया गया।