शौचालय में ताला बंद, दिखावा बना अभियान
जासं फूलपुर (आजमगढ़) स्वच्छ भारत अभियान के तहत तहसील परिसर में बनाए गए शौचालय में ताला बंद है। यह पूरे अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है। आज भी तहसील शौचालय विहीन हैं। अधिकारियों की उदासीनता के चलते बना शौचालय दिखावा साबित हो रहा है। तहसील में आए लोगों को इससे काफी समस्या हो रही है। बावजूद अभी तक कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
जासं, फूलपुर (आजमगढ़) : स्वच्छ भारत अभियान के तहत तहसील परिसर में बनाए गए शौचालय में ताला बंद है। यह पूरे अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है। आज भी तहसील शौचालय विहीन है। अधिकारियों की उदासीनता के चलते स्वच्छ भारत मिशन के तहत बना यह शौचालय दिखावा साबित हो रहा है। तहसील में आए लोगों को इससे काफी समस्या हो रही है। बावजूद इसके अभी तक कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
जानकारी मुताबिक कुछ माह पूर्व नगर पंचायत द्वारा तहसील परिसर में शौचालय का निर्माण कराया गया। निर्माण तो पूरा हो गया लेकिन आज तक शौचालय में ताला ही बंद पड़ा है। अधिवक्ताओं समेत आम जनता ने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन अभी तक शौचालय का ताला नहीं खोला गया। इससे यहां आने वालों में काफी रोष है। शौचालय न खुलने से सबसे अधिक परेशानी यहां आने वाली महिलाओं को होती है। अधिवक्ता प्रदीप कुमार सिंह, रामनारायन यादव, महेंद्र यादव, लालचंद यादव व हृदय शंकर मिश्र आदि ने तत्काल उच्चाधिकारियों से शौचालय को शुरू कराने की मांग की है। वहीं उपजिलाधिकारी वागीश शुक्ला का कहना है शौचालय निर्माण की प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है। कुछ कार्य शेष रह गया है। इसीलिए शौचालय अभी संचालित नहीं हो पाएगा।