मृतक दिखा महिला की भूमि कर दी दूसरे के नाम
जिदा रहते ही कागजों में मृत घोषित कर संपत्ति दूसरे के नाम कर देने का एक और प्रकरण प्रकाश में आया है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिदा रहते ही कागजों में मृत घोषित कर संपत्ति दूसरे के नाम कर देने का एक और प्रकरण प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष परेशान हो गया तो तहसील प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। यह तब हुआ जब शनिवार को पीड़िता खुद स्वजनों के साथ उप जिलाधिकारी सदर के समक्ष शिकायती पत्र के साथ प्रस्तुत हुई।
मऊ के तहसील घोसी अंतर्गत ग्राम जमालपुर मिर्जापुर निवासी कमला देवी पत्नी कतवारू शहर कोतवाली के गुलामी का पुरा मोहल्ला में रहती है। उसके नाम ग्राम नामदारपुर में 0.186 हेक्टेयर भूमि है। वर्तमान खाता संख्या-26 (फसली वर्ष 1423 से 1428) में भूमिधरी दर्ज है। पीड़ति महिला का कहना था कि जब उसने छह दिसंबर को अपनी भूमि के खतौनी की नकल ली तो फर्जीवाड़ा की जानकारी हुई। खतौनी में कमला देवी पत्नी कतवारू को मृतक दिखाकर उसके स्थान पर कमला देवी पत्नी मुरारी राम के नाम पर भूमि दर्ज कर दी गई है। 29 जुलाई 2018 के आदेश में पीड़ति महिला के वारिस के तौर पर संतोष व अनुपमा पुत्री मुरारी राम का नाम दर्ज किया गया है। पुन: खतौनी की टिप्पणी के कालम में 29 जुलाई 2018 को ही इसी आदेश का सुधार करते हुए संतोष व अनुपमा पुत्री मुरारी राम के स्थान पर संतोष अनुपमा पुत्री मुरारी राम के नाम का संशोधन भी कर दिया। वर्जन- - संबंधित प्रकरण में लेखपाल व राजस्व निरीक्षक को तलब किया गया है। जांच के बाद शिकायत की पुष्टि हुई तो गलत नाम को खारिज कर पीड़ित महिला की खतौनी में नाम दर्ज करा दिया जाएगा। साथ ही जो भी राजस्व कर्मी दोषी होगा, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
--प्रशांत कुमार नायक, एसडीएम सदर, आजमगढ़।