घाघरा का जलस्तर घटने के बाद भी तेज हुई कटान
घाघरा नदी का जलस्तर दो दिनों बाद एक बार फिर कम हो
जागरण संवाददाता, रौनापार (आजमगढ़): घाघरा नदी का जलस्तर दो दिनों बाद एक बार फिर कम होने लगा है, लेकिन उसके साथ कटान भी तेज हो गई है। गांवों के संपर्क मार्ग पर अभी पानी भरे होने से जरूरी वस्तुओं की पूर्ति के लिए ग्रामीण नाव का सहारा ले रहे हैं।
घाघरा नदी का जलस्तर 24 घंटे में 12 सेंटीमीटर कम हो गया। इससे देवारावासियों को कुछ राहत तो मिली, लेकिन कई संपर्क मार्ग पानी में डूबे हुए हैं। आवागमन के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
नदी का जलस्तर बढ़ने से खरैलिया ढाला से सोनौरा संपर्क मार्ग, बेलहिया ढाला से अजगरा मगरवी मार्ग, मानिकपुर से मानिकपुर नई बस्ती मार्ग पर नदी का पानी भर गया है। दूसरी ओर छोटी सरयू नदी में पानी अधिक होने से भी लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। बेलहिया पुल पिछली बाढ़ में बह गया था, जिसका निर्माण अब तक नहीं हुआ। गांगेपुर परसिया गांव के पास घाघरा नदी कटान कर रही है, जबकि कुढ़वा रिग बंधा को पहले ही काट चुकी है। बाकी बचे बंधे को भी नदी धीरे-धीरे काट रही है। खेती की जमीन कटने से किसान चितित हैं। गांगेपुर रिग बंधे के सामने भी घाघरा नदी कटान कर रही है। इसके अंदर सैकड़ों घर बसे हुए हैं। इस बंधे को बचाने के लिए बाढ़ खंड ठोकर का निर्माण करा रहा था, लेकिन पूरा नहीं करा सका। गांगेपुर गांव के सामने बने अंत्येष्टि स्थल से 20 मीटर की दूरी पर तो देवारा खास राजा के बगहवा पुरवा के पास खेती की जमीन के साथ-साथ आबादी की जमीन काट रही है।