बूथों पर पीने के पानी, टेंट के साथ रंगीन मैट भी
आजमगढ़ जनपद की आजमगढ़ सदर व लालगंज सुरक्षित संसदीय क्षेत्र में रविवार को हुए मतदान में वोट फीसद बढ़ाने के लिए कुल 146
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : आजमगढ़ सदर व लालगंज सुरक्षित संसदीय क्षेत्र में रविवार को हुए मतदान में वोट फीसद बढ़ाने के लिए कुल 1468 मॉडल बूथ बनाए गए थे। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे भी अपनी मां का हाथ पकड़कर मॉडल बूथ तक पहुंचे। इसे लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। बूथ पर पहुंचते ही बच्चों को गुब्बारे आकर्षित कर रहे थे। गुब्बारों से सजा बूथ देखकर बच्चों का रोमांच भी देखते बन रहा था। वह गुब्बारों के साथ खेलने में मशगूल जहां थे वहीं सेना के जवान भी बच्चों को पुचकारने से नहीं चूक रहे थे। बच्चों की मुस्कान उनकी सब थकान मिटा दे रही थी। बूथों पर पानी, मैट व टेंट आदि लगाए गए थे। ऐसे में बच्चों को परेशानी भी नहीं हो रही थी। जब तक मां वोट दे रही थी तब तक बच्चे खेल रहे थे।
दोनों लोकसभा क्षेत्रों में 601 मतदान केंद्रों पर कुल 1468 बूथ जहां बनाए गए थे वहीं 10 सखी बूथ भी रहे। सखी बूथ पर केवल महिलाएं तैनात थीं। जागरण प्रतिनिधि जब बिलरियागंज के प्राथमिक विद्यालय मॉडल बूथ पर सुबह 7.10 पर पहुंचा तो यहां का नजारा देखते ही बन रहा था। गेट को आकर्षक गुब्बारों से जहां सजाया गया था वहीं पूरे बूथ पर मैट बिछाई गई थी। यहां तीन बूथ बनाए गए थे। सभी बूथ पर धूप से बचने के लिए टेंट भी लगाया गया था। मतदान कर्मियों व मतदाताओं के लिए यहां पीने के पानी की व्यवस्था की गई थी। सुबह 7.10 बजे ही यहां लंबी लाइन लग गई थी। सुबह का माहौल खुशनुमा था। आरपीएफ के जवान भी तैनात थे। यहां एक मतदान कर्मी अपने बच्ची के साथ पहुंची तो मॉडल बूथ के गेट पर ही लाल रंग की कुर्सी मिली तो वह उस पर बैठ गई। सेना के जवान ने भी बच्ची को पुचकारा। प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर गोरिया बूथ पर साढ़े सात बजे पहुंचने पर यहां का नजारा ही कुछ अलग रहा। मॉडल बूथ पर गुब्बारा व ह्वील चेयर गेट पर ही रखी थी। गेट के समीप ही घूंघट में महिलाएं खड़ी थी। वह अपने परिजनों को इंतजार कर रही थी। यहां भी मॉडल दो बूथों पर लोगों की लंबी भीड़ थी। इसी प्रकार कई अन्य मॉडल बूथ भी लोगों के बीच आकर्षण के केंद्र बने रहे। जनता इंटर कालेज अहिरौला का बूथ तो फूलों से सजाया गया था। मतदाता इसको देख मंत्रमुग्ध थे। दूसरी तरफ प्राथमिक विद्यालय बिलरियागंज मॉडल बूथ भी रहा। सुबह निरीक्षण करने एसपी ग्रामीण एनपी सिंह पहुंचे। अधिकारियों का कहना रहा कि मॉडल बूथ इसीलिए बनाए जा रहे हैं कि वोटिग को लेकर लोग सहज हो। किसी भी प्रकार का भय, दहशत न हो।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप