डीएम ने आठ तहसीलदारों से मांगा स्पष्टीकरण
आजमगढ़ जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह ने शासन की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जनपद के सदर सहित आठ तहसीलदारों से स्पष्टीकरण मांगा है। चेतावनी दी है कि अगर समय से शासकीय कार्यों में रूचि नहीं ली गई तो रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी जाएगी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह ने शासन की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जनपद के सदर सहित आठ तहसीलदारों से स्पष्टीकरण मांगा है। चेतावनी दी है कि अगर समय से शासकीय कार्यों में रूचि नहीं ली गई तो रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी जाएगी।
जनपद में कुल आठ तहसील सदर, निजामाबाद, बूढ़नपुर, मार्टीनगंज, फूलपुर, सगड़ी, मेंहनगर, लालगंज हैं। शासन की तरफ से तहसीलों में तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है लेकिन प्रगति संतोषजनक नहीं हैं। यही नहीं परियोजनाओं में एसटीपी निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, आरटीओ आफिस का निर्माण, अटल आवासीय विद्यालय, जल निगम के नलकूप, मुकदमो का निस्तारण, भूमि संबंधित विवाद, राजस्व संबंधित मामले, राजस्व वसूली आदि में कोताही बरती जा रही है। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कोई सुधार नहीं किया जा रहा है। इसकी वजह से जनता को शासन की योजनाओं से पूरी तरह आच्छादित नहीं किया जा पा रहा है। जनता शासन की योजनाओं से वंचित है। सरकार की मंशा है कि हर अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचना चाहिए। तमाम योजनाएं क्रियान्वित होने के बावजूद प्रगति असंतोषजनक हैं। प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट रमाशंकर प्रसाद ने बताया कि डीएम के निर्देश पर संबंधित तहसीलदारों को नोटिस जारी कर दी गई है। डीएम द्वारा हर बैठकों में संबंधित तहसीलदारों को चेतावनी जारी की जाती रही लेकिन सार्थक परिणाम नहीं निकल सका है।