व्रतियों के साथ श्रद्धालुओं को भी लगाना होगा मास्क
जागरण संवाददाता मेंहनगर (आजमगढ़) थाना परिसर में बुधवार को एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शिनी
जागरण संवाददाता, मेंहनगर (आजमगढ़) : थाना परिसर में बुधवार को एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शिनी की अध्यक्षता में छठ पूजा के मद्देनजर संभ्रांत लोगों के साथ हुई बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ सुरक्षा भी जरूरी है इसलिए व्रतियों के साथ बाकी लोगों को भी कोविड-19 का पालन करना होगा। सभी को मास्क लगाना जरूरी होगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि तालाब, नदी के घाटों पर साफ-सफाई, लाइटों की व्यवस्था समय से पहले ही सुनिश्चित करा ली जाए। घाटों पर सैनिटाइजर की भी व्यवस्था रहनी चाहिए। तालाब के किनारों को रस्सी और बल्लियों से घेरा जाना आवश्यक होगा। गहरे तालाबों और नदी के घाटों पर गोताखोर और नाव की भी व्यवस्था जरूरी होगी। पुलिस के लोगों की जिम्मेदारी होगी कि पूजा के दौरान शारीरिक दूरी का पालन कराएं। बैठक में उपस्थित नगर पंचायत के ईओ विनय कुमार मिश्र और अध्यक्ष अशोक चौहान को भी उन्होंने पूजा के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी। इस अवसर पर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, एसआइ उदयराज सिंह, अशोक दत्त तिवारी, सभासद राम अवध मौर्य आदि उपस्थित रहे।
10 मरीजों ने कोरोना को दी मात,16 नए पाजिटिव
जागरण संवाददाता, आजमगढ़: वैश्विक महामारी कोरोना का उतार-चढ़ाव बुधवार को भी जारी रहा। देर शाम आई रिपोर्ट में 16 नए कोरोना पाजिटिव मरीज पाए गए। जबकि 10 और कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। इस प्रकार लगभग 50 लाख की आबादी वाले जिले में रिकवरी फीसद 96.31 फीसद दर्ज किया गया।
सीएमओ डा. एके मिश्रा ने पुष्टि करते हुए बताया कि नए पाजिटिव मरीजों में एंटीजेन के सात, आरटी-पीसीआर के आठ और ट्रूनाट एक केस शामिल हैं। बताया कि अब तक कुल 90 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल 5538 पाजिटिव मरीज मिले हैं, जिसमें 5334 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। वर्तमान में कुल 114 सक्रिय केस हैं, जिनका एल- 1 एवं एल-3 अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया कि आज कुल 2374 सैंपल लिए गए हैं।