सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
जागरण संवाददाता अहरौला (आजमगढ़) शनिवार की सुबह क्षतिग्रस्त बाइक और बगल में एक व्यक्ति क
जागरण संवाददाता, अहरौला (आजमगढ़) : शनिवार की सुबह क्षतिग्रस्त बाइक और बगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। यह शव क्षेत्र के गोपालगंज-शाहपुर नहर मार्ग पर धनेज पांडेय गांव के पास मिला।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने बाइक के कागज के आधार पर उसके स्वजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे स्वजनों ने शव की शिनाख्त बनकट गांव निवासी गहनू निषाद (45) पुत्र रामकेवल निषाद के रूप में की।
स्वजनों के अनुसार गहनू निषाद की ससुराल कप्तानगंज थाना क्षेत्र के टहर वाजिदपुर गांव में थी। ससुर की मौत के बाद शुक्रवार को तेरही भोज का आयोजन था जिसमे शामिल होने गहनू व उनकी पत्नी सहोदरा देवी गई थीं। पहले शनिवार को लौटने की बात थी लेकिन किन्हीं कारणों से गहनू शुक्रवार की रात में ही बाइक से घर लिए चल दिए। इधर घर वालों ने जब गहनू के मोबाइल पर संपर्क किया तो आफ बता रहा था। उसके बाद उनके ससुराल में बात की गई तो पता चला कि गहनू रात में ही घर के लिए रवाना हो चुके हैं।
यह सुनने के बाद परिवार के लोग रात भी इंतजार करते रहे लेकिन पता नहीं चला। उसी दौरान शव मिलने की जानकारी हुई तो परेशानी बढ़ गई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव देखा तो उनके होश उड़ गए। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला ने बताया कि रात में या तो किसी जानवर से टकराने से दुर्घटना हुई होगी या फिर किसी वाहन ने टक्कर मारी होगी।