दो पक्षों में पथराव, हवाई फायरिग से दहशत
अहरौला थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में नाली निर्माण के विवाद को लेकर सोमवार को सुबह दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले और हवाई फायरिग हुई। हवाई फायरिग से गांव में दहशत फैल गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया।
जागरण संवाददाता, अहरौला (आजमगढ़) : अहरौला थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में नाली निर्माण के विवाद को लेकर सोमवार को सुबह दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले और हवाई फायरिग हुई। हवाई फायरिग से गांव में दहशत फैल गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया। शाम तक थाने में ही सुलह समझौता का प्रयास चल रहा था।
विशुनपुर गांव निवासी भगवान गिरी पुत्र नंदा गिरी व रामेश्वर गिरी पुत्र हरी गिरी के बीच काफी अर्से से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। ग्राम प्रधान रमेश यादव जल निकासी के लिए सोमवार की सुबह दोनों लोगों के घर के सामने स्थित खड़ंजा के बगल में नाली का निर्माण करा रहे थे। नाली निर्माण को लेकर दोनों पक्ष के लोग प्रतिरोध करने लगे। कहासुनी के बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस बीच दोनों तरफ से असलहे निकल गए और तीन-चार राउंड हवाई फायरिग भी हुई। गोली चलने से गांव में सनसनी फैल गयी। नाली निर्माण में लगे राजगीर व मजदूर वहां से भाग खड़े हुए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेने के बाद थाने पर लेकर चली आयी। शाम तक थाने पर दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता चल रहा था। पूछे जाने पर अहरौला थानाध्यक्ष ने इस घटना में किसी के भी हताहत होने से इंकार किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप