बलिया जा रहे करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष समेत 33 गिरफ्तार
जागरण संवाददाता आजमगढ़ दुर्जनपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपित धीरेंद्र सिंह के स्वजनों से बुध
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : दुर्जनपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपित धीरेंद्र सिंह के स्वजनों से बुधवार को मिलने बलिया जा रहे करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह समेत 33 लोगों को पुलिस ने धारा 151 के उल्लंघन के आरोप में बूढ़नपुर तहसील के पास गिरफ्तार कर लिया। सभी को कोयलसा ब्लाक परिसर में कड़ी सुरक्षा में रखा गया, जहां से देर शाम एक-एक लाख के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इनके बलिया जाने की भनक पर पुलिस सुबह से ही आंबेडकर नगर बार्डर पर घेराबंदी की थी। वहां करणी सेना के लोग चकमा देने में सफल रहे तो बूढ़नपुर में पुलिस ने पकड़ लिया।
फैजाबाद, आंबेडकर नगर के रास्ते करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष के बलिया जाने की खुफिया सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद आजमगढ़, आंबेडकर नगर जनपद के बार्डर लोहरा टोल प्लाजा पर पुलिस ने नाकेबंदी कर ली। एएसपी ग्रामीण सिद्धार्थ मानीटरिग कर रहे थे। पुलिस की तैयारियों की भनक लगते ही करणी सेना की टीम ने बसखारी से ही अपना रास्ता बदल दिया। उनके पहुंचने में देर होने पर आशंका हुई तो पुलिस ने बलिया जाने के सारे रास्ते पर चौकसी बढ़ा दी। इसके चलते प्रदेश अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, संगठन की मातृशक्ति ज्योत्सना समेत टीम के साथ रोके गए। करणी सेना से जुड़े स्थानीय संगठन के लोग भी जहां-तहां रोक लिए गए। बूढ़नपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष बलिया जाने पर अड़े रहे। पुलिस के मनाने पर भी बात नहीं बनी तो उन्हें कोयलसा ब्लाक परिसर में रखा गया। मौके पर उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर दिनेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ला, थानाध्यक्ष अतरौलिया दिनेश कुमार यादव, थानाध्यक्ष अहरौला, थानाध्यक्ष कप्तानगंज समेत बड़ी सख्या में पुलिस के जवान मौजूद थे।