अखिलेश संभालें सैफई हम आजमगढ़: निरहुआ
सगड़ी (आजमगढ़) केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवप्रताप शुक्ला का हेलीकाप्टर भले नहीं उतर सका लेकिन भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ पूरी तरह चुनावी रंग में रंगे दिखे। रोहुआर बैदौली में गुरुवार को आयोजित जनसभा में सुबह से उमड़ी भीड़ को वह भोजपुरिया अंदाज से बांधे रखे।
जागरण संवाददाता, सगड़ी (आजमगढ़) : केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवप्रताप शुक्ला का हेलीकाप्टर भले नहीं उतर सका लेकिन भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' पूरी तरह चुनावी रंग में रंगे दिखे। रोहुआर बैदौली में गुरुवार को आयोजित जनसभा में सुबह से उमड़ी भीड़ को वह भोजपुरिया अंदाज से बांधे रखे। 'निरहुआ' ने कहा कि पूर्वांचल में मुलायम और समाजवादी पार्टी को स्थापित करने का कार्य बिरहा गायकों ने किया है। यदि देश के विरोध में जाएंगे तो यही गायक समाजवादी पार्टी को उखाड़ कर फेंक देंगे। कहा कि चाहे जहां भी रहे अपनी मातृभाषा भोजपुरी में बात करें। कहा कि नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए आए हैं। आशीर्वाद दें। निरहुआ आजमगढ़ में इतिहास रचने आया है। अखिलेश सैफई संभालें और हम आजमगढ़ संभालेंगे। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कमलेश यादव एवं संचालन जिलामंत्री विजय कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, घनश्याम सिंह पटेल, देवेंद्र सिंह, श्रीकृष्ण पाल आदि थे।
.......
2017 में मनोज सिन्हा के साथ दोबारा आईं थीं अनुप्रिया
सगड़ी: 2017 के विधानसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्र सगड़ी के भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह के समर्थन में घाघरा इंटर कॉलेज पर जनसभा प्रस्तावित थी। उसमें भी मंत्री अनुप्रिया पटेल के आने का कार्यक्रम रहा लेकिन वह नहीं आ सकीं। उसके बाद भी उनका कार्यक्रम घाघरा इंटर कॉलेज में ही रखा गया जिसमें अनुप्रिया पटेल व मनोज सिन्हा ने जनसभा को संबोधित किया था।