सिरफिरे सेवानिवृत्त फौजी ने गाय को मारी गोली, मौत
जागरण संवाददाता सगड़ी (आजमगढ़) सिरफिरे सेवानिवृत्त फौजी की करतूत ने गुरुवार को लोगों
जागरण संवाददाता, सगड़ी (आजमगढ़) : सिरफिरे सेवानिवृत्त फौजी की करतूत ने गुरुवार को लोगों को कंपा दिया। उसने गाय को खेत में चरते देख इस कदर आपा खो दिया कि उसे गोली मार दी। दिल दहला देने वाली घटना की भनक लगते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जीयनपुर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर लिया है। घटना की चर्चा इलाके में पूरे दिन सुर्खियों में बनी रही।
देवपुर कमालपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी छुन्नू लाल पुत्र हरिश्चंद्र लाल मऊ जिले के खुरहट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा गार्ड (अस्थाई) के पद पर तैनात है। वह सुबह लगभग नौ बजे अपने गेहूं के खेत की रखवाली करने गया था। वहां एक बेसहारा गाय चर रही थी। ग्रामीणों के अनुसार गाय को फसल चरते देख फौजी चीख पड़ा। उसने अपनी एक नाली लाइसेंसी बंदूक से गाय को गोली मार दी। गोली लगते ही गाय खेत में ही ढेर हो गई। गाय को मार डालने की खबर से इलाकाई लोग आपा खो बैठे। जीयनपुर कोतवाल नंद कुमार तिवारी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर डीआर मौर्य को बुलाकर गाय का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने बाद में मृत गाय को खेत के निकट दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कोटेदार के खाते से 40 ने हजार रुपये उड़ाये
जागरण संवाददाता, बरदह (आजमगढ़) : बरदह थाना क्षेत्र के रवनिया गांव निवासी सत्यदेव यादव गांव के कोटेदार हैं। उनका जिवली स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया में खाता है। वह गुरुवार की सुबह अपने खाते से रुपये निकालने बैंक गए थे। पासबुक प्रिट करवाया तो पता चला कि उनके बैंक खाते 11, 13 व 14 दिसंबर को लगभग 40 हजार रुपये निकाले गए हैं। पीड़ित सत्यदेव यादव ने बरदह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।