गंभीरवन में भूमि विवाद को लेकर मारपीट, हवाई फायरिग
जागरण संवाददाता जहानागंज (आजमगढ़) जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन गांव में बुधवार की सुब
जागरण संवाददाता, जहानागंज (आजमगढ़): जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन गांव में बुधवार की सुबह दो पक्षों के लोग लाठी-डंडा लेकर आमने-सामने हो गए। उसी समय किसी पक्ष से फायरिग होने के कारण दोनों पक्षों के लोग तितर-बितर हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। दोनों पक्षों से दो पुरुष, एक महिला सहित कुल छह व्यक्तियों का शांतिभंग की धारा 151 में पुलिस ने चालान कर दिया।
यशवंत सिंह पुत्र रामनिवास सिंह और श्रीनिवास सिंह पुत्र स्व. हरिहर सिंह के बीच बहुत पहले से भूमि विवाद चला आ रहा है, जिसे लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए हैं। मारपीट के साथ गोलियां भी चली थीं। जिसमें अब तक दो लोगों की जान भी जा चुकी
है। हाल ही के पंचायत चुनाव में यशवंत सिंह पक्ष के प्रधान की जीत हुई है, जिसने दुश्मनी में आग में घी डालने का काम किया। यशवंत सिंह खेत में धान कि नर्सरी डलवा रहे थे, जिस पर प्रतिवाद करते हुए श्रीनिवास सिंह पक्ष के लोगों ने कहा यह विवादित जमीन है और पैमाइश के बाद इस पर कोई कार्य करेगा। यह बात दूसरे पक्ष को नागवार लगी और तू-तू मैं-मैं धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई। पुरुषों के साथ महिलाएं भी लाठी-डंडा के साथ बीच में आ गईं। यह संयोग ही था की बड़ी घटना नही हुई। इंपेक्टर संदीप यादव मय फोर्स तत्काल मौके पर पहुंच गए। बताया कि फायरिग की सूचना मिली थी लेकिन यहां आने पर पता चला कि फायरिग किसी पक्ष से नहीं हुई है। यह अफवाह है। केवल हाथापाई की नौबत हुई थी। किसी पक्ष को गंभीर चोट भी नहीं आई है। हिदायत दी गई है यदि किसी प्रकार का कोई विवाद हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। यदि किसी पक्ष के द्वारा गलत तरीका या कानून को तोड़ने का कोई कदम उठाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।