जेल में डाक्टर, बंदी रक्षक समेत 17 मिले कोरोना पॉजिटिव
जेल में डॉक्टर बंदी रक्षक समेत 17 कोरोना पाजिटिव
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिला कारागार इटौरा जेल के डाक्टर, बंदी रक्षक समेत 17 लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। शनिवार को सुबह से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर अन्य बंदियों की भी जांच शुरू कर दी। वहीं अस्थाई जेल को सैनिटाइज कराया गया और सभी बंदियों को सतर्कता बरतने की हिदायत भी दी गई है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सतर्कता की दृष्टि से जिला कारागार में बाहर से आने वाले बंदियों को पहले अस्थाई जेल में 21 दिन रखा जाता है। उसके बाद उन्हें मुख्य जेल में दाखिल किया जाता है। किशोर बंदी गृह को पुरुष बंदियों के लिए व जेल अस्पताल के बगल स्थित तन्हाई बैरक में महिला बंदियों के लिए अलग-अलग अस्थाई जेल बनाया गया है। लगभग 12 दिन पूर्व किशोर बंदी गृह के अस्थाई जेल में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड व एक बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से पूर्व ही उक्त बंदी जेल से एक दिन पूर्व ही रिहा होकर घर चला गया था। बाद में स्वास्थ्यकर्मियों ने दोनों को एल-1 अस्पताल इटौरा में आइसोलेट करा दिया था। इसके बाद अस्थाई जेल में निरुद्ध अन्य बंदियों की भी एक सप्ताह पूर्व आर-टीपीसीआर सिस्टम से कोरोना जांच कराई गई थी। शनिवार को जांच रिपोर्ट आई तो जेल डाक्टर, एक बंदी रक्षक व 15 बंदी पॉजिटिव निकले। एक साथ 17 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने से जेल में हड़कंप की स्थिति बन गई थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को अन्य बंदियों की जांच के लिए सीएमओ डा. एके मिश्र के नेतृत्व में डाक्टरों की एक टीम जिला कारागार पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्थाई जेल में निरुद्ध 60 अन्य बंदियों का एंटीजन रैपिड किट से जांच किया। जांच में निगेटिव पाए जाने पर उनका सैंपल आर-टीपीसी सिस्टम से जांच के लिए भेज दिया गया। वहीं जिन बंदियों की रिपोर्ट निगेटिव आई उन्हें अस्थाई जेल से निकालकर मुख्य जेल के अलग-अलग बैरकों में क्वारंटाइन कर दिया गया। पॉजिटिव पाए गए 15 बंदियों को भी अस्थाई जेल से निकालकर मुख्य जेल के तन्हाई बैरक (पृथक वार्ड) में चार-चार की संख्या में तत्कालीन तौर पर जेल प्रशासन ने आइसोलेट कर दिया है। वहीं डाक्टर व बंदी रक्षक एल-1 अस्पताल में आइसोलेट हो गए। सीएमओ ने कहा कि अस्थाई जेल में बचे अन्य 120 बंदियों का रविवार को भी कोरोना सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। 'जेल में 17 लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्थाई जेल को पूरी तरह से साफ-सफाई कर सैनिटाइज कराया गया है। सतर्कता बरतने के लिए बंदियों को निर्देश दिया गया है। पॉजिटिव मिले बंदियों को एल-1 अस्पताल इटौरा में आइसोलेट कराने के लिए डीएम व एसपी को अलग से गार्ड (फोर्स) के लिए पत्र भेजा गया है। फोर्स मिलने पर पुलिस की निगरानी में पॉजिटिव बंदियों को एल-1 अस्पताल में आइसोलेट करा दिया जाएगा।'
-राधाकृष्ण मिश्र, वरिष्ठ जेल अधीक्षक।