बारिश के साथ सर्दी ने दिखाया असर,लुढ़का तापमान
जासं औरैया बारिश व शीतलहर का असर दिखने लगा है। बुधवार की रात से बदले मौसम का मिजाज
जासं, औरैया: बारिश व शीतलहर का असर दिखने लगा है। बुधवार की रात से बदले मौसम का मिजाज शनिवार को कुछ ठीक रहा। हालांकि, पूर्वाह्न करीब 11 बजे कुछ मिनट बूंदाबांदी हुई। वहीं जिले में सर्दी से दम तोड़ने वालों की संख्या दो हो गई है। शनिवार को एक वृद्ध की जान चली गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के देवकली चौराहा समीप कानपुर-इटावा हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे फुटपाथ पर वृद्ध के दम तोड़ने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। करीब 10 दिन पहले रुरुगंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक भट्टा श्रमिक की मौत हुई थी।
मौसम में बदलाव होने व आसमान में छाए बादल के बरसने के कारण सबसे ज्यादा असर आलू और सरसों की फसल पर है। हवा तेज चलने से सरसों के फूल गिरने के साथ ही फसल पट होने की संभावना बढ़ी है। कुछ जगह नुकसान भी हुआ। जमीन में पनप रहे आलू के सड़ने की आशंका भी बारिश से बढ़ गई है। उधर, शीतलहर में मरने वालों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ रही। शनिवार को शहर के देवकली चौराहा समीप हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे फुटपाथ पर तकरीबन 68 वर्षीय एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया। ट्रैफिक पुलिस को लोगों ने सूचना दी। इसके बाद कोतवाली से पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पंचनामा भर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रयास जारी हैं। सर्दी से मौत होना बताया गया है।
----------
दिन ढलने के साथ लुढ़का तापमान:
शनिवार की पूर्वाह्न हुई बूंदाबांदी के बाद आसमान कुछ देर के लिए साफ रहा। धूप निकलने से लोगों ने कुछ राहत महसूस की। किसानों ने भी खेतों की ओर रुख किया। हालांकि, दिन ढलने के साथ ही हवा का रुख बदला और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 11 व अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम व कृषि विज्ञानी अनंत कुमार का कहना है कि रविवार भी कुछ देर के लिए धूप निकलेगी। 12 जनवरी से मौसम में काफी हद तक सुधार की संभावना है।