पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या, सास गंभीर
संवादसूत्र एरवाकटरा स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम कुचैला में पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर
संवादसूत्र, एरवाकटरा : स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम कुचैला में पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। बेटी को बचाने आई उसकी मां यानी अपनी सास पर भी उसने तमंचे से फायर किया। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में इटावा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। मृतका आपसी मन-मुटाव के चलते मायके में रह रही थी। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस को अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।
उमरैन पुलिस चौकी के अंतर्गत गांव कुचैला निवासी राजेंद्र सिंह की 24 वर्षीय पुत्री मोहनी उर्फ प्रियंका का विवाह चार वर्ष पूर्व इटावा के थाना चौबिया क्षेत्र के गांव गोवरिहा निवासी सौरभ के साथ हुआ था। पति-पत्नी के बीच मन-मुटाव की वजह से वह दो माह से मां- बाप के पास अपने मायके में ही रह रही थी। बुधवार देर शाम सौरभ अपने ससुराल कुचैला पहुंचा। पहुंचते ही उसने चारपाई पर लेटी पत्नी मोहनी पर तमंचा से फायर कर दिया। गोली लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर खाना बना रही मोहनी की मां शारदा बेटी को बचाने आई तो सौरभ ने उस पर भी फायर झोंक दिया। गोली लगने के बाद वह मौके पर ही गिरकर तड़पने लगी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शारदा को गंभीर हालत में इटावा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर पहुंच गई है। एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।