समस्या निस्तारण को एआरएम से मिले परिवहन कर्मी
जागरण संवाददाता, औरैया : शहर स्थित परिवहन निगम के बस स्टेशन में व्याप्त विभिन्न समस्याओं व क
जागरण संवाददाता, औरैया : शहर स्थित परिवहन निगम के बस स्टेशन में व्याप्त विभिन्न समस्याओं व कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की पांच सदस्यीय टीम ने शनिवार को एआरएम से मुलाकात की। उन्होंने स्टेशन परिसर में व्याप्त समस्याओं व कर्मचारियों की समस्याओं के निदान के लिए एआरएम को ज्ञापन सौंपा।
करीब एक घंटे तक चली वार्ता के दौरान टीम में शामिल पदाधिकारियों व अन्य कर्मचारियों ने बस स्टेशन परिसर का फर्श सही कराने सहित कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में जगह-जगह गड्ढे हैं। इससे कर्मचारियों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस संबंध में जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर जल्द से जल्द बस स्टेशन परिसर का फर्श पक्का कराया जाए। यात्री प्रतीक्षालय छोटा होने से सभी यात्री वहां पर बैठ नहीं पाते हैं। इसलिए स्टेशन परिसर में यात्री प्रतीक्षालय व पूछताछ काउंटर के पास कुछ तख्त डलवाए जाएं ताकि यात्री उन पर आराम से बैठ सके। त्योहारों के दौरान अधिक दूरी तक बस चलाने पर चालक-परिचालकों को जो अतिरिक्त पारिश्रमिक मिलता है। उसका भुगतान समय से किया जाए। परिषद के अध्यक्ष धर्मेन्द्र भदौरिया, मंत्री देवेन्द्र यादव, आरएन दुबे, मोहम्मद इस्माइल सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।