डकैती के लिए घर में घुसे बदमाशों ने दंपती पर किया हमला
संवाद सूत्र बेला थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौली शिव में एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर घु
संवाद सूत्र, बेला: थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौली शिव में एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर घुसे असलहाधारी बदमाशों ने दंपती पर जानलेवा हमला किया। इसमें पति घायल हो गया। लूटपाट की वारदात को अंजाम देने आए बदमाशों से वह भिड़ गया था। शोर मचाने पर पहुंची पत्नी भी बदमाशों से भिड़ गई। चीखने- चिल्लाने की आवाज पर आस पड़ोस के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। जिस पर बदमाश पत्नी की गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र झपट कर भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
घटना शनिवार देर रात की है। थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौली शिव निवासी अरविद शुक्ल पुत्र राम प्रकाश शुक्ला दवा विक्रेता है। उसने बताया कि देर रात बड़ी घटना को अंजाम देने की नीयत से घुसे बदमाशों की आहट मिलने पर वह जाग गए और चिल्लाने लगे। करीब चार नकाबपोश बदमाश थे। इसमें दो बदमाशों ने लाठी व धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इसमें उनके सिर पर चोट आई। पत्नी के आने पर बदमाशों के अन्य साथी भी हमला करने लगे। हिम्मत दिखाते हुए पत्नी उनसे भिड़ गई। इस बीच आस पड़ोस के लोगों का शोर सुन बदमाश भाग निकले। पूरे घटनाक्रम को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह का कहना है कि पीड़ित दंपती ने रविवार पूर्वाह्न बाद शिकायती पत्र दिया है। घायल अरविद शुक्ल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। प्रथम दृष्टया में मामला डकैती का है। बदमाश इसमें सफल नहीं हो सके। फिलहाल, जांच की जा रही है।