कृषि बिल के विरोध में सड़क पर उतरे सपाई
जागरण संवाददाता औरैया कृषि बिल के विरोध में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने जिला मुख्
जागरण संवाददाता, औरैया : कृषि बिल के विरोध में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए एडीएम को ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आधा सैकड़ा पदाधिकारी जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन किया और कृषि बिल का विरोध किया और इसे किसानों के लिए घातक बताया। सपाई एक सुर से बोले कि इस बिल से किसान बंधुआ मजदूर बन कर रह जाएगा।
एडीएम रेखा एस चौहान को दिए ज्ञापन में सपा जिलाध्यक्ष राजवीर यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की भाजपा सरकार की नीतियों से किसान और श्रमिकों के हितों को गहरा आघात लग रहा है। इन नीतियों से कारपोरेट घरानों को ही फायदा होगा, जबकि किसानों और श्रमिकों की बदहाली और बढ़ेगी। पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का ने कहा कि कृषि और किसान के साथ श्रमिक ही कठिन समय में देश की अर्थव्यवस्था को संभालता है पर अब अन्नदाता को ही हर तरह से उत्पीड़न का शिकार बनाया जा रहा है। पूर्व सांसद प्रदीप यादव ने कहा कि किसानों के संबंध में भाजपा सरकार का रवैया पूर्णतया: अन्यायपूर्ण है। वह खेतों का किसानों का मालिकाना हक छीनना चाहती है, इससे एमएसपी सुनिश्चित करने वाली मंडिया धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी। किसानों को फसल का लाभ प्रद तो दूर निर्धारित उचित दाम भी नहीं मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदौरिया, हाफिज अब्दुल सत्तार, ओमप्रकाश ओझा, अमित यादव के अलावा अन्य सपाई मौजूद रहे।