रविवार बंदी को लेकर व्यापारियों में आक्रोश
संवाद सहयोगी अजीतमल रविवार को साप्ताहिक बंदी कराने के प्रशासन के आदेश से व्यापारियों मे
संवाद सहयोगी, अजीतमल: रविवार को साप्ताहिक बंदी कराने के प्रशासन के आदेश से व्यापारियों में रोष है। व्यापारिक संगठनों द्वारा हस्तक्षेप किए जाने के बाद रविवार को बाजार खुल गया और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूर्व की भांति शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी रखने की बात कही।
शनिवार को नगर पंचायत ने मुनादी कराते हुए रविवार को साप्ताहिक बंदी रखने के आदेश दिए थे। ईओ विजय कुमार सिंह ने यह मुनादी एसडीएम के निर्देश पर कराई। रविवार को व्यापारियों में बाजार खोलने को लेकर असमंजस की स्थित दिखाई पड़ी। वहीं व्यापारियों में आक्रोश पनपने लगा। व्यापारियों का कहना था कि लंबे समय से बाबरपुर कस्बे मे साप्ताहिक बंदी का दिन शुक्रवार निर्धारित है। रविवार को यहां बृहद बाजार लगता है। आसपास के लोग रविवार को ही बाजार करने आते हैं। व्यापारिक संगठन के कुछ लोगों ने एसडीएम रमापति से समस्या बताई। इसके बाद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले। एसडीएम रमापति ने बताया कि शनिवार को शासनादेश देर से प्राप्त होने के कारण रविवार की साप्ताहिक बंदी की मुनादी करा दी थी, लेकिन अब साप्ताहिक बंदी शुक्रवार को ही रहेगी।