राष्ट्रपिता व पूर्व प्रधानमंत्री को किया याद, आदर्शों को अपनाने का संकल्प
जागरण टीम औरैया राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की
जागरण टीम, औरैया: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शनिवार को उत्साह के साथ मनाई गई। रघुपति राघव राजाराम, रामधुन के साथ लोगों ने बापू को याद किया। साथ ही दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कलेक्ट्रेट सहित सभी सरकारी व निजी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। स्कूलों में भी कार्यक्रम हुए।
इसके अलावा कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि राज्य मंत्री ने राष्ट्रीय व राज्य अध्यापक पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। इसमें बेसिक व माध्यमिक से शिक्षक शामिल हुए। वहीं इस मौके पर
स्वतंत्रता सेनानी व महापुरुषों की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।
गांधी जयंती को लेकर जिलेभर में तैयारियां एक दिन पूर्व ही कर ली गई थीं। शनिवार की सुबह जल्दी ही सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। कोविड संक्रमण की गाइडलाइन को देखते हुए शहर में प्रभातफेरी नहीं निकाली गई। कलेक्ट्रेट परिसर में तय समय पर डीएम सुनील कुमार वर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत सभागार में गोष्ठी हुई। शुभारंभ के पूर्व डीएम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रेखा एस चौहान सहित सभी अधिकारियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कृषि राज्यमंत्री दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत ने उत्कृष्ट व शिक्षक सम्मान पाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। एरवाकटरा, बिधूना, अछल्दा, अजीतमल, कंचौसी, दिबियापुर आदि ब्लाकों में कार्यक्रम हुए।
स्वच्छता अभियान के साथ कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ ध्वजारोहण किया। इसके बाद गोष्ठी हुई और सरकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार को लेकर चर्चा की गई। बीएसए कार्यालय, जिला विद्यालय निरीक्षक, आबकारी, लोक निर्माण, सदर ब्लाक कार्यालय में भी तय समय पर ध्वजारोहण किया गया। बाबरपुर नगर पंचायत कार्यालय में स्वतंत्रता संग्राम शहीद व सेनानी स्मारक पर अधिशाषी अधिकारी ने फूल मालाएं अर्पित कीं। इसके बाद चेयरमैन रानी पोरवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अमर शहीदों के जीवन का बखान गोष्ठी में किया गया। ईओ विजय कुमार सिंह, पूर्व चेयरमैन मदनलाल पोरवाल, पूर्व चेयरमैन रामदर्शन मौजूद रहे। फफूंद में भाजयुमो के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने नगर में स्थित शिव मंदिर परिसर में पौधारोपण किया। वहीं आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर गांधी जयंती पर जिला जजी परिसर में ध्वजारोहण किया गया। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा, अन्य न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने देखा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने सीएमओ के निर्देश पर जिला अस्पताल पहुंच कर कुष्ठ रोगियों को उपयोगी वस्तुएं प्रदान कीं। 25 मरीजों को सेल्फ केयर किट व 55 मरीजों को एमसीआर चप्पल दी गईं। बिधूना नगर पंचायत अध्यक्ष अमित कुमार द्वारा शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।