चक्का जाम की चेतावनी के बाद पुलिस सक्रिय
जागरण संवाददाता औरैया कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के धरना प्रदर्शन की चेतावनी को दे
जागरण संवाददाता, औरैया: कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के धरना प्रदर्शन की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। सुबह से अधिकारी फील्ड पर दौड़ते रहे। जिले में कहीं भी चक्का जाम की स्थिति नहीं बनी। किसान संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिया है।
शनिवार को कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन द्वारा छह फरवरी को प्रस्तावित चक्का जाम को लेकर पुलिस भी सक्रिय रही। एसपी अपर्णा गौतम ने जिले को तीन जोन में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई थी। दिन भर कहीं चक्का जाम को लेकर किसान या अन्य संगठन नजर नहीं आए। सदर एसडीएम रमेश यादव ने हाईवे का निरीक्षण किया। एसडीएम अजीतमल अनंतराम टोल प्लाजा पहुंचें,वहीं एसडीएम बिधूना राशिद अली क्षेत्र से जुड़ी सीमाओं की चेकिग की। खुफिया विभाग चक्का जाम को लेकर पल-पल की सूचनाएं एसपी को देता रहा। सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ ने बताया किसानों के चक्का जाम को लेकर पुलिस निगरानी कर रहीं है। कहीं भी चक्का जाम की स्थिति नहीं है। अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने बताया कि जिले भर कानून व्यवस्था के पालन के पुलिस कड़ी निगरानी कर रही है। तीनों तहसीलों के एसडीएम अपने क्षेत्र में सक्रिय रहे। जिले में कहीं चक्का जाम या प्रदर्शन नहीं हुआ है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।
------------------------
रोडवेज बस में यातायात नियमों का होने लगा एनाउंसमेंट
जागरण संवाददाता, औरैया : रोडवेज बस में यात्रियों को सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी देने के लिए बसों में प्रचार- प्रचार यंत्र लगाए गए हैं। जो यात्रा के समय कोरोना से बचाव, यातायात नियमों व महिला सशक्तीकरण से संबंधित संदेश प्रसारित करेगा। इसमें लगाई जाने वाली चिप भी निगम मुख्यालय से उपलब्ध कराई गई हैं।
डिपो की 30 गाड़ियों के लिए निगम ने पीआइए सिस्टम उपलब्ध कराया है। यह बॉक्स चालक की सीट के पास में लगाया गया है। जिसे आन करते ही यात्रियों को कोरोना से बचाव, यातायात सुरक्षा के नियमों व अनुपालन न करने पर निर्धारित दंड के बारे में संदेश प्रसारित होने लगेगा। इसके अलावा महिला यात्रियों का मनोबल बढ़ाने व उन्हें विषम परिस्थितियों में संघर्ष करने से संबंधित उपाय भी सुनने को मिलेंगे। निगम ने इसमें लगने वाली चिप भी उपलब्ध कराई है। समय- समय पर चिप बदली भी जा सकती हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएस चौधरी ने बताया कि इस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों व चालकों को तमाम जरूरी नियमों की जानकारी यात्रा के समय उपलब्ध होगी। अन्य गाडि़यों में भी सिस्टम उपलब्ध होने पर लगवाया जाएगा।