मनभावन मौसम से लोग झूमे, मोर नाचे
जागरण संवाददाता औरैया अप्रैल माह की तपती धूप से मई के शुरुआत राहत देती नजर आ रही है।
जागरण संवाददाता, औरैया: अप्रैल माह की तपती धूप से मई के शुरुआत राहत देती नजर आ रही है। बीती रात हवा के करवट लेते ही गरज के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ मिनट बाद तेज बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। बारिश ने रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे गुलाबी ठंड का अहसास करा दिया। घर की छत, खेत व खाली भूखंड में राष्ट्रीय पक्षी मोर नृत्य करते नजर आए। खुशनुमा
हुए मौसम का आनंद वह भी उठा रहे थे। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले एक पखवारे से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो रहा था। धूप तेज होने से राहगीरों के साथ बेजुबान पशु-पक्षी भी परेशान थे। शनिवार की रात अचानक मौसम के बदल जाने से गर्मी का असर कुछ कम रहा। रविवार सुबह का मौसम खुशनुमा रहा। घर के बाहर लोग टहलते व कुर्सी पर बैठे नजर आए। घर में कूलर व एसी बंद रहे। गर्मी से बेहाल हो रहे पशु पक्षियों को भी काफी राहत मिली। मोरों का झुंड भी खेतों व घर की छतों पर नृत्य करते नजर आया। वहीं बारिश से जगह-जगह भरे पानी में बंदर भी अठखेलियां करते दिखे। हालांकि इस बारिश से खेत में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। मूंग और उड़द की फसलों के लिए पानी अमृत समान है। मौसम विज्ञानी डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि तापमान अधिकतम 36 डिग्री, 23 डिग्री न्यूनतम डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा 6 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली। सोमवार को भी बारिश की संभावना है।