फसल के साथ जमीन को सुरक्षित रखती नैनो यूरिया
जागरण संवाददाता औरैया इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर्स को-ऑपरेटिव लिमिटेड एवं कृषि विज्ञान
जागरण संवाददाता, औरैया: इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर्स को-ऑपरेटिव लिमिटेड एवं कृषि विज्ञान केंद्र परवाहा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ग्राम हरसहाय पुर्वा में किसान सभा आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के तमाम किसानों ने प्रतिभाग किया। नैनो यूरिया की जानकारी देकर फसलों में ट्रायल कराए गए। जिनके अच्छे परिणामों के बारे में विस्तार से किसानों को बताया गया। किसानों को खाद संबंधित कोई दिक्कत न हो इसके लिए सरकार कृतसंकल्प है। खेत की उर्वरता के लिए नैनो यूरिया बड़ा लाभ दे सकती है।
विकासखंड क्षेत्र के ग्राम हरसहाय पुर्वा में आयोजित किसान सभा में इफको क्षेत्र अधिकारी प्रेमराज शर्मा ने कहा कि नैनो यूरिया तरल के देश की 94 विभिन्न फसलों में प्रदर्शन कराए गए। परिणाम स्वरूप उपज में आठ प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी हुई है। जनपद में शीघ्र ही उक्त नैनो यूरिया सहकारी समितियों व इफको व एग्री जंक्शन के केंद्रों पर उपलब्ध होगी। कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी, वरिष्ठ विज्ञानी डॉ.अनंत कुमार ने बताया कि जनपद के 40 किसानों के फसल प्रदर्शन में ट्रायल कराए गए। जिनके परिणाम अच्छे मिले। नैनो यूरिया पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल है। इसको सूक्ष्म पोषक तत्वों, सागरिका, जल विलेयक व कृषि रसायनों के साथ भी प्रयोग किया जा सकता है। यह यूरिया तरल जैविक है, फसल व जमीन को सुरक्षित रखती है। 500 मिली की एक बोतल एक बोरी यूरिया के बराबर काम करेगी। एक एकड़ में प्रयोग होने वाली एक बोतल को हम जेब में रखकर भी ला सकते हैं। किसानों को खेती से संबंधित जानकारी देकर निश्शुल्क साहित्य भी उपलब्ध कराया गया। धर्मेंद्र सिंह, कमलेश, प्रकाश चंद्र, रूप सिंह, सतीश, लायक सिंह, गुड्डन आदि किसान मौजूद रहे।