मकान की छत गिरने से मासूम की मौत, चार लोग घायल
संवाद सहयोगी दिबियापुर बीते चार दिनों से जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश की वज
संवाद सहयोगी, दिबियापुर: बीते चार दिनों से जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश की वजह से मकान की कच्ची छत गिरने की घटना हो रही हैं। दिबियापुर थाना क्षेत्र के कन्हई पुरवा गांव में बुधवार रात करीब 12 बजे हुई। एक कच्चे मकान की छत गिर पड़ी। कमरे में स्वजन के साथ सो रही चार वर्षीय मासूम मलबे में दब गई। स्वजन ग्रामीणों की मदद से उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस पर स्वास्थ्य केंद्र में चीख पुकार मच गई। वहीं हादसे में चार और लोग घायल हुए। इसमें दो बच्चे रहे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के कारण गुरुवार को गांव में सन्नाटा रहा। हादसे की जानकारी पर गांव पहुंची राजस्व टीम ने जनहानि व हुए नुकसान के बाबत पीड़ित से जानकारी की।
चार वर्षीय प्रिसी पुत्री अंशु परिवार के लोगों के साथ कमरे में सो रही थी। बुधवार की रात करीब 12 बजे अचानक छत ढह जाने से वह मलबे में दब गई। हादसे में उसकी मां किरण देवी व पांच वर्षीय बेटा प्रांशु, डेढ़ वर्ष की बेटी परी व पिता अंशु भी चपेट में आ गए। हालांकि, इन सभी को कम चोटें आई। जबकि प्रिसी की मौत हो गई। गांव में हल्ला मचने पर ग्रामीणों ने 108 पर मोबाइल फोन करके एंबुलेंस को बुलाया। घायलों को कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रिसी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें घर भेज दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जैसा कि बताया जा रहा है गुरुवार पूर्वाह्न लेखपाल केशव कुमार व तहसील प्रशासन की टीम गांव पहुंची थी। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक दुबे ने बताया घटना की जानकारी मिलने पर स्टाफ भेजा गया था। कच्चा मकान होने से यह हादसा हुआ है। राजस्व टीम द्वारा जनहानि व हुए नुकसान को लेकर जांच की जा रही है।
-----
पीड़ित पिता ने बताई पीड़ा
वर्ष 2008 में मृतका के पिता को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान आवंटन हुआ था। पीड़ित ने बताया कि योजना के तहत पहली किस्त दी गई। जिससे उसने दीवार बनवायी। दूसरी किस्त न
मिलने की वजह से उसने मिट्टी के स्लैब से छत की ढलाई कराई। कच्ची छत के जवाब देने से उसकी बेटी की मौत हो गई। पूरा परिवार घायल हो गया। ग्राम प्रधान लज्जा देवी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित को दूसरी किस्त जल्द मुहैया कराए जाने का आश्वासन दिया है।