रजबहा ओवर फ्लो होने से सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न
संवादसूत्र अछल्दा बूढ़ादाना एवं हरचंदपुर रजबहा पर रविवार को पानी ओवर फ्लो हो गया। जिसक
संवादसूत्र, अछल्दा : बूढ़ादाना एवं हरचंदपुर रजबहा पर रविवार को पानी ओवर फ्लो हो गया। जिसके चलते सैकड़ों बीघा किसानों की फसलों में पानी भर गया। पानी भरने किसानों का काफी नुकसान हुआ है। किसानों की सूचना पर सिचाई विभाग के अधिकारियों ने तत्काल पानी को कम करवाया। फसल चौपट होता देख किसान परेशान हो गए। एक किसान ने बताया कि उसकी साल भर की कमाई पानी में बहती नजर आ रहा है।
किसानों ने बताया कि निचली गंग नहर के घसारा झाल शटर बंद करने से नहर का पानी बंबों में चला गया। ओवर फ्लो होने की वजह से घसारा पुल से तुरकपुर के बीच गेंहू, मटर, लाहा की करीब 35 एकड़ फसलों में पानी भर जाने से काफी नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भरने से महेश बाबू, तेज सिंह, राज कुमार, सत्यराम, करन, अतर सिंह, गुड्डू, हाकिम सिंह, रानी देवी की फसल का खासा नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि सुबह पानी ओवर फ्लो देखकर घसारा एवं तुर्कपुर के किसान घसारा झाल नहर पर पहुंचे तो शटर बंद होने के चलते किसानों ने सिचाई विभाग के अधिकारियों को बंबा ओवर फ्लो चलने की जानकारी दी। विभागीय कर्मचारियों व अवर अभियंता ने पहुंच कर पानी को कम करवाया। जिसके बाद किसानों को कुछ राहत मिलती नजर आई। बुंदेलखंड के निर्माण कार्य में लगे डंपरों की आवाजाही के चलते ग्राम तुरकपुर के सामने बुड़ादाना रजवाह की पुलिया घ्वस्त हो चुकी है। इसी तरह हरचंदपुर रजवहा भी ओवर फ्लो होने के चलने से मदापुर्वा, भदौरियन पुर्वा, सतीपूर्वा के किसानों की सैकड़ों बीघा गेंहू की फसल में पानी भर गया है।