महिला की हत्या मामले में पांच पर मुकदमा
संसू सहायल थाना क्षेत्र के चौथा मील अड्डा गांव के पास पशुओं के लिए चारा लेने गई एक महिला
संसू, सहायल: थाना क्षेत्र के चौथा मील अड्डा गांव के पास पशुओं के लिए चारा लेने गई एक महिला पर शनिवार को गांव के एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया था। मरणासन्न हालत में छोड़ आरोपित भाग निकला। खेतों से लौट घर आ रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई इटावा के लिए रेफर कर दिया था। जहां उसकी मौत हो गई थी। मृतका के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर सोमवार को दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं लगे।
सहायल थाना क्षेत्र के गांव बहलोलपुर निवासी 32 वर्षीय रिकी पत्नी स्व. राजेश चौथामील अड्डा के पास खेतों पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। गांव के एक युवक ने पीछे से धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया था। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। लहूलुहान हालत में खेत किनारे उसे पड़ा देख गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। सैफई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता जगन्नाथ ने ससुरालीजन समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विजय उर्फ इशलू , सियाराम व उसके पत्नी मुन्नी देवी और दो बेटों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जानकारी होने पर उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द आरोपित पकड़े जाएंगे। इसके बाद ही हत्याकांड का खुलासा हो सकेगा।