मुसीबत की बारिश में किसान 'पसीने-पसीने'
जासं औरैया मौसम का बदला मिजाज किसानों के लिए दुश्वारियों का कारण बना हुआ है। शुक्रवार
जासं, औरैया: मौसम का बदला मिजाज किसानों के लिए दुश्वारियों का कारण बना हुआ है। शुक्रवार रात दो बजे से आठ घंटे तक रह-रह कर हुई बारिश से ज्यादा नुकसान हुआ। शनिवार को पूरे दिन तेज हवा चली। इससे खेतों में खड़ी सरसों की फसल के फूल पट हो गए। आलू पर भी प्रभाव देखने को मिला। इसके अलावा कंचौसी कस्बा क्षेत्र को आपूर्ति देने वाले बिहारीपुर फीडर की लाइन में फाल्ट के चलते बिजली करीब 14 घंटे ठप रही। कखावतू केंद्र के फीडर में भी दिक्कत रही। यहां एक इंसुलेटर के फुंकने से सप्लाई बंद करनी पड़ी। इससे उपभोक्ता परेशान हुए।
कृषि व मौसम विज्ञानी की ओर से बारिश के आसार जताए जा रहे थे। तीन दिन से गलन व सर्दी ज्यादा बढ़ी तो कोहरे की सफेद चादर में सुबह लिपटी रही। ऐसे में आम जनजीवन के अलावा असहायों की दिक्कतें बढ़ी हैं। शीतलहर ने भी यहां परेशानी बढ़ाने का कार्य किया गया है। शुक्रवार की रात से आसमान में छाए बादल कुछ मिनट के अंतराल में बरसे। शनिवार की सुबह 10 बजे तक मौसम पूरी तरह से बदला हुआ रहा। दोपहर एक बजे तक सर्दी हवा तेज रही। वहीं,आसमान साफ होने के साथ हल्की धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली लेकिन दिन ढलने के साथ तापमान लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादल की वजह से अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस। उधर, फसलों पर पड़े असर से किसानों के माथे पर चिता की लकीरें दिखी।
-------
22 से ज्यादा गांवों की आपूर्ति रही ठप
कंचौसी कस्बा क्षेत्र के 22 से अधिक गांवों को बिहारीपुर फीडर से सप्लाई दी जाती है। शनिवार को तड़के फीडर से जुड़े असैनी पावर स्टेशन की मेनलाइन में फाल्ट होगया। करीब 14 घंटे तक आपूर्ति ठप रही। नौगवां फीडर में तकनीकी दिक्कतों के चलते समस्या हुई। कस्बा क्षेत्र के जमौल, कंचौसी गांव, ढिकियापुर, घसा का पुर्वा, बिनपुरापुर, प्रसादपुर्वा, रोशनपुर, अमरपुर, बट्टहा, पुर्वा महिपाल समेत अन्य गांवों की आपूर्ति बमुश्किल बहाल हो सकी थी। वहीं, एसडीओ अनुराग पांडेय ने बताया कि हवा तेज चलने से कई जगह फाल्ट की शिकायतें रही थी।