रजवाह में पानी न आने से धान की रोपाई नहीं कर पा रहे किसान
संवादसूत्र फफूंद इस समय धान की रोपाई का सीजन चल रहा है लेकिन किसानों को पानी न मिलने
संवादसूत्र, फफूंद : इस समय धान की रोपाई का सीजन चल रहा है, लेकिन किसानों को पानी न मिलने के कारण वह धान की रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। रजवाह में पानी न मिलने से किसान परेशान हैं। किसानों ने जिला प्रशासन से बंबों में पानी छुड़वाए जाने की मांग की है।
किसान नेता रजवाह अध्यक्ष गिरधर भक्त मिश्रा ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र का भ्रमण कर देखा कि पूरे रजवाह में कुछ कुलावा ऐसे थे जिन्हें पर्याप्त पानी मिल रहा था। एक माइनर को पूरा पानी मिल रहा है। वहीं रजवहा फफूंद का बाकी का हिस्सा असिचित देखने को मिला। डीजल के दाम बढ़ाने से किसान भाइयों को नुकसान हुआ है। सिचाई में डीजल इंजन/पंप सेट के माध्यम से धान की रोपाई में पानी खेत तक पहुंचाया जा रहा है। किसान अन्य निजी संसाधनों से धान की फसल के लिए पानी की भरपाई कर रहे हैं। समय से सिचाई के लिए पानी नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों से बात करो तो वह कहते हैं कि पानी की मांग की गई है। एक माह से लगातार वह रजवाह में पानी की मांग कर रहे हैं, लेकिन किसान को सिचाई हेतु पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।