साइकिल सवार श्रमिक को क्रेन ने रौंदा, हालत नाजुक
संसू दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला जयसिंह निवासी एक श्रमिक शुक्रवार की सुबह साइकिल से
संसू, दिबियापुर: थाना क्षेत्र के गांव नगला जयसिंह निवासी एक श्रमिक शुक्रवार की सुबह साइकिल से जा रहा था। गांव से निकलते ही आ रही एक क्रेन ने उसे रौंद दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने लाला लाजपत राय चिकित्सालय कानपुर के लिए रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने क्रेन को कब्जे में लिया है, वहीं चालक भाग निकला। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं आए दिन हो रही हैं। वाहन चलाने वाले यदि गंभीर हो जाएं तो ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
शुक्रवार की सुबह नगला जयसिंह निवासी सुरेंद्र राजपूत पुत्र भूप सिंह साइकिल से मजदूरी करने के लिए निकला था। गांव के बाहर निकलते ही दिबियापुर को जाने वाली सड़क पर एक क्रेन ने उसे टक्कर मारते हुए रौंद दिया। क्रेन चालक पास के एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने जा रहा था। हादसे में सुरेंद्र की हालत नाजुक देख क्रेन को मौके पर छोड़ते हुए चालक भाग निकला। वहीं हादसा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने सुरेंद्र को दिबियापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के लिए रेफर कर दिया। पहुंची पुलिस ने क्रेन को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश शुरू की। एनटीपीसी चौकी इंचार्ज नीरज शर्मा ने बताया कि घटनाक्रम को देखते हुए जांच की जा रही है। घायल के बारे में उसके स्वजन को सूचना दी गई है।