ईओ व कर्मचारियों से अभद्रता पर चेरयमैन प्रतिनिधि जेल गए
संवादसूत्र फफूंद नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी व कर्मचारी से चेयरमैन प्रतिनिधि का विवाद ह
संवादसूत्र, फफूंद : नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी व कर्मचारी से चेयरमैन प्रतिनिधि का विवाद हो गया था। ईओ ने इसकी शिकायत डीएम से की थी। आज पौधारोपण के दौरान फिर से विवाद हुआ तो चेयरमैन प्रतिनिधि पर दस लाख का मुचलका वारंट तामील किया गया। मुचलका न भर पाने पर उनको जेल भेज दिया गया है। अधिशाषी अधिकारी अनीता शुक्ला ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि नगर पंचायत फफूंद की चेयरमैन स्नेह लता शुक्ला के देवर अनुराग शुक्ला नगर पंचायत में अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठ कर चेयरमैन के कार्यो को सम्पादित करते हैं। वह कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि अनुराग शुक्ला एक आपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं। जिसके कारण कर्मचारियों में भय व्याप्त है। भयवश कर्मचारी कुछ भी कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं। अधिशाषी अधिकारी ने अनुराग शुक्ला को चेयरमैन की कुर्सी पर बैठने एवं कार्यालय में आने से रोके जाने तथा सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। रविवार की सुबह नगर के ककोर मार्ग पर स्थित चौबे के तालाब पर अधिशाषी अधिकारी अनीता शुक्ला पौधारोपण के लिए गई थीं, तभी वहां पर पौधारोपण को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अनुराग शुक्ला भी पहुंच गए और कर्मचारियों के साथ बहस हो गई। ईओ का कहना है कि जब उन्होंने रोका तो वह उनसे भी बहस करने लगे। ईओ ने डीएम को सूचना दी। डीएम अभिषेक सिंह ने जांच के लिए एसडीएम सदर रमेश यादव व तहसीलदार राजकुमार चौधरी को फफूंद थाने में भेजा। जहां थाने में दोनों लोगों की बात सुनकर एसडीएम ने तत्काल अनुराग शुक्ला का वारंट बनवाकर दस लाख का जमानत मुचलका भर दिया। मुचलका न भर पाने पर अनुराग शुक्ला को जेल भेज दिया गया।