बेटियों के प्रति बदले सोच, नारी सशक्तीकरण की ओर हो कदम
जागरण टीम औरैया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर सोमवार को जनपद की विभिन्न शिक्षण व सामाजिक
जागरण टीम, औरैया: अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर सोमवार को जनपद की विभिन्न शिक्षण व सामाजिक संस्थाओं में तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक व निर्भीक जीवन जीने के लिए जागरूक करना रहा। समाज में उन्हें समान दर्जा मिलना चाहिए। बिधूना ब्लाक संसाधन केंद्र में संचालित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित बैठक व कार्यक्रम के दौरान बेटियों को सम्मानित किया गया।
श्री जनता इंटर कालेज अजीतमल में मिशन शक्ति 3.0 के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने समस्त बालिकाओं को शिक्षित होकर भावी जीवन में स्वावलंबन का आधार बनने की प्रेरणा दी। उप प्रधानाचार्य दुर्गा देवी दुबे ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में बालिकाओं की शिक्षा व सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। मुख्य वक्ता प्रवक्ता डा. शशि शेखर मिश्र ने कहा कि स्वावलंबी राष्ट्र निर्माण तभी संभव है जब समाज में महिलाओं को समान स्थान प्राप्त होगा। व्यायाम शिक्षक होशियार सिंह राजपूत ने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन प्रवक्ता शिव प्रकाश दुबे ने किया। बिधूना में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्दना राम इकबाल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी मुकेश प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश यादव ने जागरूक अभिभावकों व उनकी बेटियों को सम्मानित किया। नारी सशक्तीकरण व हेल्पलाइन के प्रति जागरूक किया गया। स्टेशनरी सहित अन्य जरूरी वस्तुओं का वितरण किया गया। माध्यमिक में राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य पायल जैन के नेतृत्व में कार्यक्रम हुए। उन्हें नोडल अधिकारी बनाया गया था। अछल्दा, एरवाकटरा, फफूंद सहित अन्य सभी ब्लाकों के स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम हुए।