प्री-मानसून को लेकर सतर्क प्रशासन, तैयारियां शुरू
जागरण संवाददाता औरैया मई माह की शुरुआत से मौसम में कई तरह के बदलाव देखने को मिल रह
जागरण संवाददाता, औरैया: मई माह की शुरुआत से मौसम में कई तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। 28 मई को मानसून आने की संभावनाएं व्यक्त की गई। ऐसे में यमुना नदी में बाढ़ जैसी स्थिति प्रति वर्ष बनती है। आधा सैकड़ा से अधिक गांव इसकी चपेट में आ जाते हैं। यहां पर जायद की फसलों का नुकसान भी यहां के लोगों को उठाना पड़ता है। स्थितियां यहां तक बन जाती हैं कि गांव के लोगों का संपर्क जनपद से टूट जाता है। पूर्व में ही प्रशासन सारी व्यवस्थाएं जुटा लेगा जिससे लोगों का नुकसान न हो सके। प्री-मानसून के पहले जिला प्रशासन सजग हो गया है। आने वाले समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। अधिकारियों ने कार्ययोजना भी बना ली है। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित गांवों में अधिकारियों ने वहां की व्यवस्थाओं को भी परखना शुरू कर दिया है। यमुना नदी से सटे गांवों के वाशिदों को अभी से ही सतर्क कर दिया गया है। जिससे वह इस आपदा से निपट सके। डीएम सुनील कुमार वर्मा का कहना है स्टीयरिग ग्रुप के सदस्यों को सजग कर दिया गया है।
कुल 38 गांवों में रहती बाढ़ की संभावना तहसील अजीतमल द्वारा तैयार किए गए सर्वेक्षण के अनुसार यमुना में बाढ़ आने से तहसील क्षेत्र के कुल 38 गांवों प्रभावित होने की संभावना रहती है। जिसमें अति प्रभावित होने वाले 15 गांवों के 1625 परिवारों में 9508 लोग अधिक प्रभावित होंगे।
-------------------
यमुना में बाढ़ से ज्यादा प्रभावित होने वाले गांव
बड़ैरा, गोहानी कलां, सिकरोड़ी, बंशियापुर, बरदौली, मिश्रपुर मानिकचंद, फरिहा, जाजपुर, गोहानी खुर्द, कैथोली, गूॅज, असेवा, जुहीखा, बीझलपुर, ततारपुर कलां। वहीं कम प्रभावित होने वाले गांवों में नखतपुर, रामनगर, रामपुर प्रतापसिंह, सढ़रापुर, असेवटा, नगला बनारस, सिखरना, मलगंवा, बबाइन, पहाड़पुर, मेरेरंगरंगउआ, महेवा, भरतौल है। गांवों की सूची तहसील प्रशासन द्वारा तैयार की गई है। वहीं बाढ़ की भयावह स्थित से निपटने के लिए तहसील प्रशासन ने गोताखोरों और नाव चालकों को भी सतर्क कर दिया है। तहसील प्रशासन ने क्षेत्र के ग्राम सिकरोडी में 10, जगन्नाथपुर में एक, व्यौरा नवलपुर में 6 गोताखोरों को चिह्नित किया है। सिकरोड़ी में चार, मुरादगंज में 10 छोटी नावों के चालकों को चिह्नित किया गया है।