घरेलू क्लेश के चलते युवक ने जान दी
अमरोहा घरेलू क्लेश के चलते युवक ने फंदे पर झूल कर जान दे दी। युवक की मौत से स्वजनों में कोहराम मचा है।
अमरोहा : घरेलू क्लेश के चलते युवक ने फंदे पर झूल कर जान दे दी। युवक की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बगैर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। मामला पति-पत्नी के बीच विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
यह घटना देहात थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाले किसान के पास बेटा नही था। लिहाजा 25 साल पहले उन्होंने अपने धेवते को अपने पास रख लिया। ननिहाल में पले-बढ़े युवक की शादी भी ननिहाल में ही हुई। अब वह पत्नी व एक बच्चे के साथ यहीं पर रह रहा था। बताते हैं कि किसी बात को लेकर दंपती के बीच कई दिन से विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम को विवाद ज्यादा बढ़ गया। इससे झुब्ध होकर युवक ने कमरे में बंद होकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई।
पत्नी के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा शव को नीचे उतारा। युवक की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। एसओ अरिहंत कुमार ने बताया कि इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।