फैक्ट्री में सरिया से मजदूर का सिर फोड़ा, हंगामा
गजरौला हाईवे किनारे स्थित एक फैक्ट्री में वेतन में बढ़ोतरी करने की मांग पर एक मजदूर क ा सिर फोड़ दिया।
गजरौला : हाईवे किनारे स्थित एक फैक्ट्री में वेतन में बढ़ोतरी करने की मांग पर एक मजदूर के सिर में सरिया मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद उत्तेजित साथी श्रमिकों ने फैक्ट्री में हंगामा किया। जानकारी मिलती पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और श्रमिकों को समझाकर शांत किया।
नगर के मुहल्ला वसंत विहार निवासी देवेंद्र पुत्र सुरेंद्र रावत एक फैक्ट्री के क्वालिटी डिपार्टमेंट में काम करते हैं। सोमवार की शाम करीब सात बजे उसने एचआर हेड से अपने वेतन में बढ़ोतरी करने की मांग की। आरोप है कि एचआर हेड ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी। यह भी आरोप है कि सिर में लोहे का सरिया मारकर लहूलुहान कर दिया। घटना की जानकारी अन्य साथी श्रमिकों को हुई तो उन्होंने कंपनी परिसर में ही हंगामा करना शुरू कर दिया। एचआर डिपार्टमेंट के कर्मचारियों से भी तीखी नोकझोंक हुई।
घटना की जानकारी मिलने पर उप निरीक्षक सतपाल दीक्षित मौके पर पहुंच गए और उन्होंने उत्तेजित श्रमिकों को समझाकर मामला शांत किया। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी हुई। घायल मजदूर का मेडिकल कराकर कार्रवाई की जाएगी। उधर कंपनी के एचआर हेड से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।