एक दशक बाद अमरोहा में दिखा गिद्ध का जोड़ा
अमरोहा विलुप्त होने की कगार पर गिद्ध शुक्रवार को गांव लालू नगला में देखे गए।
अमरोहा : विलुप्त होने की कगार पर गिद्ध शुक्रवार को गांव लालू नगला में देखे गए। दोपहर मोबाइल टावर पर गिद्ध का जोड़ा देखा गया। एक गिद्ध को कौओं ने उड़ा दिया तो दूसरा देर शाम तक वहीं बैठा रहा। गिद्ध दिखने के बाद गांव के लोगों में भी कौतुहल बना रहा। वहीं वन अधिकारियों ने जिले में गिद्ध देखे जाने को अच्छा संकेत बताया है।
एक समय था जब गिद्ध काफी संख्या में देखे जाते थे। बीते लगभग एक दशक से गिद्ध की संख्या कम होती गई तथा अब पश्चिमी यूपी में बिरले ही गिद्ध देखने को मिलते हैं। अमरोहा जनपद में भी लगभग एक दशक से गिद्ध नहीं देखे गए थे। शुक्रवार दोपहर बाद देहात थाना क्षेत्र के गांव लालू नगला में गिद्ध का जोड़ा देखा गया। यहां स्थित मोबाइल टावर पर यह जोड़ा आकर बैठ गया। ग्रामीणों ने देखा तो टावर के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा कौतुहल वश उन्हें देखने लगे। मोबाइल से फोटो लिए। उधर गिद्ध का जोड़ा देख कर टावर के आसपास कौओं का झुंड भी मंडराने लगा। कौओं द्वारा परेशान करने पर लगभग चार बजे एक गिद्ध उड़ गया। जबकि देर शाम तक दूसरा गिद्ध टावर पर ही बैठा रहा।
गांव निवासी मुजाहिद हुसैन ने बताया कि गिद्ध देखे जाने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। वहीं प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चंद्र जनपद में गिद्ध देखे जाने को अच्छा संकेत बता रहे हैं। वह बताते हैं कि बुंदेलखंड में आज भी गिद्ध मिलते हैं परंतु पश्चिमी यूपी विशेषकर मुरादाबाद मंडल में यह प्रजाति नहीं है। बीते एक दशक के गिद्ध नहीं देखे गए हैं। यदि गिद्ध वापस लौट रहे हैं तो आने वाले समय के लिए यह अच्छा संकेत है।