अमरोहा के पपसरा में तेंदुए ने कुत्ते पर किया हमला
मंडी धनौरा के गांव पपसरा बांगर में तेंदुआ देखे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने यहां दो कुत्तों पर हमला कर घायल कर दिया। इनमें एक कुत्ता पालतू है। हमले के बाद तेंदुए ने जंगल में एक पेड़ पर आश्रय भी लिया फिर भाग गया।
अमरोहा, जेएनएन : मंडी धनौरा के गांव पपसरा बांगर में तेंदुआ देखे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने यहां दो कुत्तों पर हमला कर घायल कर दिया। इनमें एक कुत्ता पालतू है। हमले के बाद तेंदुए ने जंगल में एक पेड़ पर आश्रय भी लिया, फिर भाग गया। वन विभाग की टीम ने गांव का दौरा कर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिजरा लगाया है।
इन दिनों क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने की सूचना से लोग दहशत में है। गांव पपसरा बांगर में गांव के बाहर रवि का परिवार रहता है। गुरुवार की सुबह उनके पालतू कुत्ते पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। इसमें कुत्ता घायल हो गया। इसके बाद से तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। तेंदुआ देखे जाने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ ग्रामीण तेंदुए का पीछा करते हुए जंगल में पहुंचे तो वहां घूम रहे एक आवारा कुत्ते पर तेंदुए ने हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद तेंदुआ जंगल में एक पेड़ पर चढ़ गया। यहां घंटों पेड़ पर ही बैठा रहा। इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई। सूचना पाकर वन विभाग की टीम भी गांव पहुंच गई। मगर तब तक तेंदुआ पेड़ से उतरकर जंगल में छिप गया। वन विभाग ने तेंदुए की धरपकड़ को जंगल में पिजरा लगाया है। ग्रामीणों में दहशत
तेंदुआ देखे जाने के बाद आसपास गांव के ग्रामीण दहशत में है। इन दिनों गन्ने की कटाई चल रही है। खेतों पर कार्य कर रहे किसान आसपास घूम रहे तेंदुए की दहशत से खौफजदा हैं। उधर, वन विभाग ने भी ग्रामीणों से अपील की है कि वह दिन छिपने से पूर्व ही अपने कार्य निपटाकर घर वापस लौटें। साथ ही समूह में रहकर खेतों पर कार्य करें। गांव पपसरा बांगर में तेंदुआ देखे जाने की सूचना है। यह क्षेत्र हस्तिनापुर वन्य जीव विहार क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां जंगली जीव जंतु के होने की बात से इन्कार नहीं किया जा सकता है। गांव में पिजरा लगाया जा रहा है।
करन सिंह वन क्षेत्राधिकारी मंडी धनोरा