धनौरा में अवैध रूप से संचालित दो अस्पताल सील
मंडी धनौरा अवैध रूप से संचालित दो निजी अस्पतालों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने छापेमारी कर उन्हें सील कर दिया।
मंडी धनौरा : अवैध रूप से संचालित दो निजी अस्पतालों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने छापेमारी कर उन्हें सील कर दिया है। दोनों अस्पतालों के संचालकों को अभिलेखों के साथ तलब किया है। वहीं इन अस्पतालों के संचालन में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी की भूमिका संदिग्ध है। विभाग द्वारा इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
शनिवार को एसडीएम विवेक यादव, नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह व सीओ सत्येंद्र सिंह ने नगर में महादेव चुंगी पर संचालित आदर्श क्लीनिक पर छापा मारा। यहां पर जांच कर देखा तो अस्पताल किसी दूसरे के नाम पर पंजीकृत है और संचालन कोई और कर रहा है। इसी के पास एक बिना नाम से क्लीनिक चलता मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों अस्पतालों को सील करते हुए संचालकों को अभिलेखों के साथ तलब कर लिया है। खास बात है कि दोनों अस्पतालों पर अप्रशिक्षित लोग मिले। वहीं इन अस्पतालों के संचालन में स्थानीय स्तर पर एक महिला स्वास्थ्य कर्मी की भूमिका संदिग्ध है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसकी भी जांच शुरू कर दी गई है। एसडीएम ने बताया कि दो अस्पतालों को सील किया गया है। यहां पर नियमानुसार कार्य नहीं हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी जांच शुरू कर दी गई है।