लोकतंत्र का महापर्व आज, जागो, उठो और मतदान कर रचो इतिहास
अमरोहा सोमवार को लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने के लिए मतदाता सुबह जागें उठें और मतदान करें।
अमरोहा : सोमवार को लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने के लिए मतदाता सुबह जागें, उठें और हर काम छोड़कर बूथ पर पहुंचें व मतदान करें। कोरोना के नियमों का पालन करते हुए पिछली बार का रिकार्ड तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित करें। देश व दुनिया को संदेश दें कि जनपद के मतदाता अधिकार का प्रयोग करने में किसी से पीछे नहीं बल्कि सबसे आगे हैं। ठान लीजिए कि पंचायत चुनाव में पूरे सूबे में जनपद की अलग पहचान बनानी है। निर्भीक होकर घर से निकलें और वोटिग कर इतिहास रचें।
वर्ष 2015 के पंचायत में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और मतदान दिवस पर 67 फीसद वोटिग का रिकार्ड बनाया था। वोटिग का यह फीसद अन्य जनपदों के मुकाबले काफी बेहतर था। अब फिर से पंचायत चुनाव हो रहे हैं और कोरोना काल चल रहा है। ऐसी विषम परिस्थिति में लोकतंत्र का यह महापर्व सोमवार को आयोजित हो रहा है। इसमें मतदाताओं से बेखौफ होकर हिस्सा लेने के लिए प्रशासन अपील कर रहा है। कोरोना से बचाव के लिए मुंह पर मास्क पहनकर वोटिग का आह्वान कर रहा है।
अफसर स्पष्ट कह रहे हैं कि सुबह उठकर मतदाता सबसे पहले क्षेत्र के बूथों पर जाएं और अपना वोट डालें। इसके बाद अन्य कार्यों को अंजाम दें। पिछले चुनाव का रिकार्ड तोड़ें और नया बनाएं। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करके ही लोकतंत्र के इस पर्व को मनाएं। निर्भीकता के साथ अपने घरों से निकलकर बूथों पर जाएं और मर्जी से वोट करें। इस बार पहले से ज्यादा वोटिग कर नया रिकार्ड बनाएं। प्रत्येक बूथ पर सैनिटाइजर व थर्मल स्क्रीनिग की व्यवस्था है। इसलिए किसी तरह का भय मन में न पालें और वोट कर लोकतंत्र को मजबूत करने की इस पक्रिया में हिस्सा लें। मास्क पहनकर ही वोट डालने बूथ पर जाएं।
उमेश मिश्र, जिलाधिकारी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। इसलिए मतदाताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। बेहिचक मतदाता बूथों पर जाएं और मतदान करें। अगर कहीं कोई समस्या है तो फौरन अवगत कराएं। लोकतंत्र के इस पर्व में सबकी सहभागिता बेहद जरूरी है।
सुनीति, पुलिस अधीक्षक।