मूंढाखेड़ा में फिर गरमाया धार्मिक स्थल निर्माण का मामला
अमरोहा धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर विवाद होने के मामले में चर्चित मूंढाखेड़ा गांव मे फिर विवाद गहरा गया।
अमरोहा : धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर विवाद होने के मामले में चर्चित मूंढाखेड़ा गांव में फिर से मंगलवार को दो संप्रदाय के लोग आमने सामने आ गए। उनके बीच तनाव बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस से भी ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। तनाव बढ़ता देखकर कई थानों की पुलिस व पीएसी के साथ पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। चर्चा है ग्रामीणों ने नौगावां सादात पुलिस को भी घेर लिया था। इस मामले में अधिकारी देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुटे थे।
यह मामला नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव मूंढाखेड़ा का है। बता दें कि धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर इस गांव में बीते 10 साल से विवाद चला आ रहा है। दोनों संप्रदाय के लोगों में तनाव बन जाता है। मंगलवार को भी गांव में तनाव फैल गया। बताते हैं कि एक संप्रदाय के लोगों ने बगैर अनुमति के धार्मिक स्थल का निर्माण शुरू कर दिया था। उन्हें देख कर दूसरे संप्रदाय ने भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इससे दोनों संप्रदाय के लोगों में तनाव बन गया।
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार व मूढाखेड़ा चौकी प्रभारी सत्यदेव सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस ने दोनों संप्रदाय के धार्मिक स्थल के निर्माण को रोक दिया। इस दौरान दो युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस थाने जाने लगी। इस पर हिरासत में लिए गए युवकों के पक्ष के लोगों ने पुलिस की गाड़ी घेर ली तथा एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। इस पर हंगामा बढ़ गया।
पुलिस को बंधक बनाने की अफवाह पर महकमे में खलबली मच गई। फौरन ही एसडीएम नौगावां इंद्रनंदन सिंह व सीओ सदर दिनेश यादव अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। दोनों आरोपितों को थाने भिजवाया। सूचना पाकर एडीएम विनय कुमार एएसपी अजय प्रताप सिंह, सीओ धनौरा सतेंद्र कुमार व कई थानों की पुलिस गांव पहुंच गई। अफसरों ने मामला शांत कराया। इस मामले में देर रात तक दोनों पक्षों के लोगों को समझा कर सुलह कराने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अफसर गांव में डटे थे।
सीओ सदर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सुलह का प्रयास जारी है। गांव में अब किसी प्रकार की तनाव नहीं है।