श्रद्धालुओं से भरी बस के ब्रेक फेल, वाहनों से टकराई
जेएनएन,अमरोहा: मां वैष्णो देवी दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस के ब्रेक फेल हो गए। गति अधिक थी, लिहाजा बस बेकाबू होकर आगे चल रहे वाहनों से टकरा कर रुक गई। हादसे में पांच श्रद्धालु घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है। बस में सवार सभी श्रद्धालु मुरादाबाद के रहने वाले थे।
हादसा सोमवार रात लगभग एक बजे हाईवे पर डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हुआ। मुरादाबाद के श्रद्धालु बस में सवार होकर मां वैष्णो देवी दर्शन कर घर लौट रहे थे। रात जब बस गांव नीलीखेड़ी के सामने पहुंची तो उसके ब्रेक फेल हो गए। उस समय अधिकांश श्रद्धालु नींद में थे। ब्रेक फेल होने पर बस अनियंत्रित हो गई। चालक विक्की कुमार निवासी भोजपुर ने काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। लिहाजा बस आगे चल रहे वाहनों से टकरा कर रुक गई। हादसा होते ही बस में चीख पुकार मच गई। अन्य राहगीर भी रुक गए। उन्होंने बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। हादसे में चालक के अलावा अजय तिवारी, नेहा शर्मा, सुशीला देवी व दुष्यंत कुमार निवासी आरटीओ मुरादाबाद घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलने पर रात ही श्रद्धालुओं के स्वजन आ गए थे। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मुरादाबाद रेफर किया गया है। अन्य श्रद्धालुओं को दूसरे वाहन से रवाना किया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।