सावन का पहला सोमवार : सन्नाटा टूटा, घंटा नहीं बजा
गजरौला लॉकडाउन से मंदिरों में पसरा सन्नाटा सावन के पहले सोमवार को उमड़े शिवभक्तों की भीड़ से टूट गया।
गजरौला : लॉकडाउन से मंदिरों में पसरा सन्नाटा सावन के पहले सोमवार को उमड़े शिवभक्तों की भीड़ से टूट गया। हालांकि मंदिरों के अंदर भक्तों ने लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए जलाभिषेक किया। कोरोना संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए अधिकांश श्रद्धालुओं ने मंदिर में लगे घंटे से हाथों की दूरी बनाए रखी।
सावन माह में भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक करने के साथ कांवड़ भी हजारों की तादाद में चढ़ाई जाती है। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए इस बार शासन ने कावड़ यात्रा पर पाबंदी लगा दी है। मंदिरों में गाइड लाइन के हिसाब से प्रवेश की जरूर अनुमति दी है। अनलॉक के बावजूद खासे श्रद्धालु मंदिरों से दूरी बनाए थे।
सावन के पहले सोमवार को अधिकांश भक्तों ने यह दूरी खत्म कर दी। भोर होते ही मंदिरों के कपाट खुल गए। शिव भक्त महिला पुरुष भी पूजा की थाल व जल का लोटा लेकर पहुंचना आरंभ हो गए। थाना चौराहे के गंगा प्याऊ शिव मंदिर, बस्ती रोड के भोलेनाथ मंदिर, चौपला, लक्ष्मीनगर, रेलवे स्टेशन रोड, नगला माफी, तिगरी, कांकाठेर इत्यादि क्षेत्रों के मंदिरों में शिवभक्तों ने 11 बजे तक जलभिषेक किया।
गंगा प्याऊ शिव मंदिर पर जलाभिषेक के दौरान मिले पंकज शर्मा व उनकी पत्नी ममता शर्मा ने बताया मंदिर छोटा होने के कारण दो लोग ही अंदर पहुंचकर जलाभिषेक कर रहे हैं। बाकी बाहर खडे होकर बारी का इंतजार करते हैं। इससे लॉकडाउन के नियमों का भी पालन हो रहा है और संक्रमण बढ़ने का खतरा भी नहीं रहता। प्राचीन चाकेश्वर मंदिर पर उमड़े श्रद्धालु, पुलिस ने लौटाया
गजरौला : प्राचीन चाकेश्वर शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए भोर से ही श्रद्धालु पहुंचना आरंभ हो गए। यहां भीड़ की आशंका को देखते मंदिर के पुजारी मुकेश गिरी ने मंदिर पर मास्क का प्रयोग व शारीरिक दूरी नियम का पालन करते हुए जलाभिषेक करने की सूचना वाले संदेश दीवार पर चस्पा करा दिए थे। वहीं मंदिर परिसर में गोले भी बना दिए थे लेकिन भीड़ जुटते ही इन नियमों की अनदेखी होने लगी। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शिवभक्तों व पुजारी के प्रति नाराजगी प्रकट करते हुए उन्हें मंदिर से लौटा दिया। मंदिर के दोनों तरफ बैरियर लगाकर उन पर पुलिस कर्मी बैठा दिए ताकि कोई भी श्रद्धालु नहीं पहुंच सके। इसके बाद मंदिर में सन्नाटा छा गया। मंदिर के कपाट बंद कर दिए। परिसर में सन्नाटा पसर गया। शहर से पहुंचने वाले शिवभक्तों को मंदिर के प्रवेशद्वार पर लगे बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मी बैरंग लौटाते रहे। एमडीएम कालोनी के महेश कुमार, उनकी पत्नी संगीता समेत कई भक्तों को अनुरोध पर भी पुलिस ने अंदर नहीं जाने दिया तो बैरंग लौट गए।