दूसरों के खातों में पहुंची एक हजार किसानों की सम्मान निधि
अमरोहा कृषि विभाग के अफसरों की लापरवाही है या फिर बैंकों की लेकिन इसमें पिस किसान रहे हैं।
अमरोहा : कृषि विभाग के अफसरों की लापरवाही है या फिर बैंकों की लेकिन, इसमें पिस किसान रहे हैं। जनपद में एक हजार से अधिक ऐसे किसान हैं, जिनकी सम्मान निधि दूसरे किसानों के खातों में जा रही है। जांच में यह पर्दाफाश होने के बाद घबराए अफसरों ने गड़बड़ी को दूर करने की कार्रवाई छेड़ दी है। किसानों से आधार कार्ड मांगे जा रहे हैं। शिकायतों पर कमी को सही कराकर डाटा मुख्यालय भेजा जा रहा है।
केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चलाई जा रही है। इसके तहत किसानों को सालाना छह हजार रुपये की धनराशि सरकार उपलब्ध करा रही है। जनपद में 2 लाख 42 हजार किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 1 लाख 70 हजार किसानों के बैंक खातों में धनराशि की किस्त पहुंच चुकी हैं जबकि, अन्य अभी भी पहली किस्त के आने की बाट जो रहे हैं। अफसरों की लापरवाही के कारण तमाम किसानों की सम्मान निधि की धनराशि दूसरे किसानों के खातों में जा रही है।
किसानों के ऐसे शिकायती पत्रों की जांच जब अधिकारियों ने की तो पूरा खेल खुलकर सामने आ गया। एक हजार किसानों के खातों में हुई गड़बड़ी को अधिकारी ठीक करा चुके हैं। अभी उनकी संख्या में और इजाफा होगा। सूत्रों के मुताबिक यह गलती बैंकों के जरिए हुई है। आधार कार्ड उन्होंने दूसरे किसानों के लगा दिए हैं। जिसकी वजह से धनराशि उनके खातों में जा रही है। बैंकों के जरिए ही यह गड़बड़ी की गई है। जांच में जितने भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, उनको ठीक कराया जा रहा है। इसके बाद डाटा मुख्यालय भेजा जा रहा है। करीब एक हजार किसान ऐसे हैं जिनकी सम्मान निधि दूसरे खातों में गई है। सभी को सही करा दिया गया है।
राजीव कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी।