ब्रजघाट चौकी के पास डिवाइडर में घुसी कार, पुलिस कर्मी बचे
गजरौला हाईवे की अव्यवस्थाएं अब कोहरे में लोगों की जान की दुश्मन बनने लगी हैं।
गजरौला : हाईवे की अव्यवस्थाएं अब कोहरे में लोगों की जान की दुश्मन बनने लगी हैं। ऐसा ही कुछ हाईवे पर ब्रजघाट चौकी पर हुआ। कोहरे के कारण हाईवे पर रखे अस्थाई डिवाइडर में एक कार अनियंत्रित होकर घुस गई। गनीमत यह रही कि इस कार की चपेट में आने से पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। गति नियंत्रित होने के कारण कार सवार भी सुरक्षित रहे।
हादसा शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे का है। कार में पांच लोग पीलीभीत से जालंधर जा रहे थे। बलवीर कार चला रहे थे। ब्रजघाट में हाईवे पर गंगा का पुराना पुल बंद पड़ा है। इसलिए चौकी के पास सीमेंट के अस्थाई डिवाइडर लगे हैं। लेकिन, कोहरे के कारण चालक को डिवाइडर नहीं दिखे और कार डिवाइडर से टकरा गई।
गनीमत यह रही कि जहां पर हादसा हुआ है। वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी है। वहां पर पुलिस कर्मी भी मौजूद थे। डिवाइडर न होते तो पुलिस कर्मी कार की चपेट में आ सकते थे। उधर, कार में सवार लोग भी सकुशल बच गए। तेज धमाके के साथ हुए हादसे के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
चौकी प्रभारी मोहित बालियान ने बताया कि ऐसी स्थिति में पूर्व में भी कई बार हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी नेशनल हाईवे प्राधिकरण का इस तरफ ध्यान नहीं है। फिलहाल इस हादसे में कार सवार भी सकुशल बच गए।
मां का संतुलन बिगड़ने के कारण छत से नीचे गिरी मासूम
बछरायूं: दो साल की बच्ची मां का संतुलन बिगड़ने के कारण छत से नीचे गिर गई। आनन-फानन में उसे निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। गंभीर हालत होने के कारण रेफर कर दिया गया।
मुहल्ला पीर जागरण में आफताब का परिवार रहता है। आफताब विदेश में टैक्सी ड्राइवर हैं। शुक्रवार को सुबह उसकी पत्नी अपनी दो साल की बच्ची माहिरा को लेकर छत पर गई थी। यहां अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बच्ची छत से नीचे गिर गई। उसे आनन-फानन में ही स्वजनों ने उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।