अब थानों में इलाज भी करेंगी महिला पुलिसकर्मी
अमरोहा (अनिल अवस्थी): इस बार महिला दिवस को लेकर पुलिस महकमा काफी संजीदा है। घायल अवस्था में पहुंचने
अमरोहा (अनिल अवस्थी): इस बार महिला दिवस को लेकर पुलिस महकमा काफी संजीदा है। घायल अवस्था में पहुंचने वाली महिलाओं को सबसे पहले थाने में ही प्राथमिक इलाज दिलाया जाएगा। इसके लिए महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य महकमे से प्रशिक्षित कराया जाएगा। इलाज के लिए थाने में ही इंजरी रूम बनेगा। डीजीपी के निर्देश पर पुलिस महकमे ने तेजी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस महकमा अनूठी पहल करने जा रहा है। पुलिस महानिदेशक एचसी अवस्थी ने सूबे के सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर थाना स्तर पर शांति कमेटी की तर्ज पर महिला सुरक्षा समिति गठित करने के आदेश दिए हैं। यह कमेटी थाने में गठित हेल्प डेस्क पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही कहा है कि थाने पर ही एक इंजरी रूम बनाया जाए। थाने में जो भी महिला घायल अवस्था में आए पहले उसे इंजरी रूम में प्राथमिक इलाज दिलाया जाए। इसके लिए थाने पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य महकमे से प्रारम्भिक प्रशिक्षण भी दिलाया जाए। मुख्यमंत्री सीधे करेंगे संवाद
एएसपी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि डीजीपी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि आठ मार्च को महिला दिवस पर मुख्यमंत्री थानों में गठित महिला सुरक्षा समिति से सीधे ऑनलाइन संवाद भी करेंगे। इसलिए सभी पुलिसकर्मियों व समिति की सदस्याओं को थाने पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद नवगठित समिति की थाने पर ही पहली बैठक होगी। बेहतर काम करने वाली चार-पांच महिला पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री सम्मानित भी कर सकते हैं। क्या बोलीं पुलिस अधीक्षक
थानों पर पहुंचने वाली घायल महिलाओं के प्राथमिक इलाज के लिए निर्देश मिले हैं। इसके लिए सभी थानों पर इंजरी रूम बनाने की तैयारी शुरू करा दी गई है। सीएमओ से समन्वय कर जल्द ही सभी थानों से तीन-चार महिला पुलिसकर्मियों को प्राथमिक इलाज का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। सुनीति, पुलिस अधीक्षक