नोडल अधिकारी ने जनपद में यूरिया खाद की उपलब्धता की जांच की
अमरोहा शासन के आदेश पर नामित नोडल अधिकारी उप कृषि निदेशक (कृषि रक्षा) बरेली मंडल ने जांच पड़ताल की।
अमरोहा : शासन के आदेश पर नामित नोडल अधिकारी उप कृषि निदेशक (कृषि रक्षा) बरेली मंडल बरेली अशोक कुमार यादव ने शनिवार को जनपदभर में यूरिया खाद की उपलब्धता और वितरण कार्य की जांच की। स्टॉक रजिस्टर व पॉश मशीन का मिलान किया। इस बीच किसानों से मास्क पहनने व शारीरिक दूरी बनाए रखने की अपील की।
सुबह 11 बजे नोडल अधिकारी जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह के साथ सबसे पहले इफ्को किसान सेवा केंद्र जोया पहुंचे। यहां पर पॉश मशीन व स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया। सबकुछ ठीक मिलने के बाद वह गजरौला पहुंचे। जहां पर राज्य भंडारागार निगम में रखे यूरिया खाद का स्टॉक को देखा और मौजूद कर्मी से उपलब्धता की जानकारी हासिल की। कुछ किसान खाद लेने के लिए खड़े नजर आए तो उनसे समस्याओं के बारे में पूछताछ की।
इसके अलावा मौके पर ही खड़े होकर अपनी निगरानी में खाद का वितरण कराया। पॉश मशीन व स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया। साफ-सफाई सही नहीं मिलने पर उन्होंने निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। खाद वितरण में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।