जोया में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
जोया संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। उपचार को ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
जोया : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। उपचार को ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। मायके वाले भी आ गए थे। इस दौरान किसी ने पुलिस के विवाहिता की हत्या की सूचना दे दी। लिहाजा पुलिस पहुंच गई। देर रात तक पुलिस जांच कर रही थी।
यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर जैद का है। यहां रहने वाले शमशुद्दीन की शादी वर्ष 2007 में मुरादाबाद जनपद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र के गांव समाथल निवासी फरजाना के साथ हुई। परिवार में तीन बच्चे भी हैं। मंगलवार दोपहर बाद अचानक फरजाना की हालत बिगड़ने लगी। स्वजन उसे लेकर जोया स्थित प्राइवेट अस्पताल में पहुंचे। यहां हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे लेकर मुरादाबाद जा रहे थे। रास्ते में फरजाना की मौत हो गई।
विवाहिता की मौत के बाद स्वजन शव को घर ले आए। सूचना मिलने पर मायके वाले भी आ गए। किसी ने पुलिस को विवाहिता की हत्या की सूचना दे दी। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार व डॉयल-112 की टीम गांव पहुंच गई। देर रात तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया जांच की जा रही है। यदि तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
महिला उत्पीड़न रोकने में प्रदेश सरकार विफल
अमरोहा : प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश सरकार पर विफल रहने का आरोप लगाया तथा महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष मोहम्मद आमिर के नेतृत्व में मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाते हुए कहा उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दुष्कर्म, छेड़छाड़ और हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं। इन्हें रोकने में सरकार असफल साबित हो रही है। अपराधियों पर पुलिस का खौफ भी खत्म हो गया है, इसलिए अपराधी अपराध करने में तनिक भी भय महसूस नहीं कर रहे हैं।
मांग करते हुए कहा कि अपराध रोकने के लिए दिल्ली की तर्ज पर प्रदेशभर में सीसीटीवी कैमरे व स्ट्रीट लाइट्स लगवाई जाएं। अपराध को रोकने में विफल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो। आत्महत्या करने वाली पीड़िताओं के स्वजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में साजिद हुसैन, अली हसन, अफजाल हैदर, निजाम अली, बाबर हुसैन, राहुल वर्मा, रिजवान, हारिस, फिरोज, हरि सिंह मौजूद थे।