महाराज सिंह अध्यक्ष व आलोक कुमार सचिव निर्वाचित
बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के वार्षिक चुनाव की मतगणना गुरुवार को संपन्न हुई।
अमरोहा: बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के वार्षिक चुनाव की मतगणना गुरुवार को संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए महाराज सिंह ने सर्वाधिक 212 मत एवं सचिव पद के लिए आलोक कुमार ने 184 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। डॉ. नीलम सिंह को कनिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। अधिवक्ताओं ने विजयी पदाधिकारियों को बधाई दी।
बुधवार को बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के वार्षिक चुनाव में मतदान हुआ था। इसमें 371 मतदाताओं में से 361 अधिवक्ताओं ने मतदान किया था। गुरुवार को हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर कुल 5 प्रत्याशियों में से चौधरी महाराज सिंह ने 212 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी कृपाल सिंह यादव को 162 वोटों से हराया। जबकि इसी पद के अन्य प्रत्याशी सूर्य प्रताप सिंह को 49 एवं मोहम्मद अली नकवी तथा चैनसुख गोले को 20-20 मत मिले। सचिव पद पर चार प्रत्याशियों में से आलोक कुमार ने कुल 184 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गफ्फार अहमद को 86 वोटों से हराया है। जबकि इसी पद के अन्य प्रत्याशी मोहन सिंह को 67 व हेम सिंह को 12 मत ही हासिल हुए। इसके अतिरिक्त तीसरे पद पर कनिष्ठ उपाध्यक्ष के तौर पर डॉ. नीलम सिंह ने 177 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंदी मेहंदी हसन को तीन मतों से हराया। कार्यकारिणी के अन्य सभी पदों पर निर्विरोध पदाधिकारी पूर्व में चुने जा चुके हैं। निर्वाचन अधिकारी जयप्रकाश यादव, सह निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार शर्मा एवं सदस्यगण सतीश कुमार त्यागी, चंचल सारस्वत, ललिता सैनी, देवेंद्र पाल सिंह की देखरेख में मतगणना कार्य संपन्न हुआ। बाद में सभी अधिवक्ताओं ने विजयी पदाधिकारियों को बधाई दी।